शिमला : (Shimla) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल (BJP State President Dr. Rajeev Bindal) ने राज्यपाल निवास के सामने किया गया कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन को पूरी तरह गैरकानूनी और असंवैधानिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि राजभवन जैसे उच्च सुरक्षा क्षेत्र में बिना अनुमति दाखिल होकर प्रदर्शन करना और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंकना (burning an effigy of Prime Minister Narendra Modi) राजनीतिक मर्यादाओं का घोर उल्लंघन है। कांग्रेस का यह कदम उसी मानसिकता को दर्शाता है, जिसमें संवैधानिक संस्थाओं को दबाव में लेकर मनमर्जी निर्णय करवाने की कोशिश दिखाई देती है।
डॉ. बिंदल ने रविवार को एक बयान जारी कहा कि कांग्रेस नेताओं की यह हरकत राज्यपाल पर दबाव बनाने और उन्हें डराने की साजिश लगती है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय पंचायती राज चुनावों को लेकर सरकार और राज्य चुनाव आयोग के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थिति संवैधानिक संकट की ओर बढ़ रही है। भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि चुनाव आयोग ने राज्यपाल से मुलाकात कर प्रदेश की स्थिति पर विस्तृत पत्र सौंपते हुए अपनी चिंता जताई है, जिससे स्पष्ट है कि सरकार संवैधानिक संस्थाओं के अधिकारों में हस्तक्षेप कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाकर पंचायत प्रधानों, बीडीसी सदस्यों, वार्ड पंचों, जिला परिषद सदस्यों और नगर निकाय प्रतिनिधियों के लोकतांत्रिक अधिकारों को खत्म करने की कोशिश कर रही है। यह कदम संविधान और लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है।
डॉ. बिंदल ने राज्यपाल के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणियों और प्रधानमंत्री का पुतला फूंके जाने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह कृत्य न केवल असंवैधानिक है बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान भी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे गैरकानूनी प्रदर्शनों पर तुरंत रोक लगाई जाए और प्रदेश में कानून-व्यवस्था तथा संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।


