spot_img

Mumbai : पश्चिम रेलवे ने टिकट जांच अभियानों में 84.20 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला

मुंबई : (Mumbai) पश्चिम रेलवे (Western Railway) द्वारा मुंबई उपनगरीय लोकल ट्रेनों, मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों, पैसेंजर ट्रेनों तथा हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों (passenger trains and holiday special trains) में बिना टिकट/अनियमित यात्रियों पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ वाणिज्य अधिकारियों की देखरेख में टिकट जांच दलों द्वारा अप्रैल से अगस्‍त, 2025 की अवधि में विविध टिकट जांच अभियानों के माध्यम से कुल 84.20 करोड़ रुपये की राशि प्राप्‍त की गई, जो गत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 35% से अधिक है, साथ ही रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित लक्ष्य से लगभग 13% अधिक है। इस राशि में मुंबई उपनगरीय खंड (Mumbai suburban section) से लगभग 23 करोड़ रुपये की राशि भी शामिल है।

पश्चिम रेलवे के जनसम्पर्क विभाग (Public Relations Department of Western Railway) से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, अगस्‍त, 2025 के दौरान बिना टिकट/अनियमित यात्रा तथा बिना बुक किए गए सामान से जुड़े 2.39 लाख मामलों का पता लगाकर 13.21 करोड़ रुपये की वसूली की गई, जो पिछले वर्ष के अगस्त के आंकड़ों की तुलना में 166% से अधिक है। साथ ही, मुंबई उपनगरीय खंड (Mumbai suburban section) पर 88 हजार मामलों का पता लगाकर 3.44 करोड़ रुपये का जुर्माना प्राप्‍त किया गया है। एसी लोकल ट्रेनों में अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए लगातार औचक टिकट जांच अभियान भी चलाए जा रहे हैं। एसी लोकल में केंद्रित अभियानों के परिणामस्वरूप, अप्रैल से अगस्‍त, 2025 के दौरान 36 हजार से अधिक अनधिकृत यात्रियों को दंडित किया गया और उनसे 1.20 करोड़ रुपये जुर्माने के रूप में प्राप्‍त किए गए, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 54% अधिक है।

Explore our articles