मुंबई : (Mumbai) मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। छोटे पर्दे की जानी-मानी और प्रतिभाशाली अभिनेत्री प्रिया मराठे (actress Priya Marathe) अब हमारे बीच नहीं रहीं। 31 अगस्त 2025 को महज 38 वर्ष की आयु में उन्होंने मुंबई के मीरा रोड स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
प्रिया मराठे (Priya Marathe) लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। बीते कुछ महीनों से उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। हाल ही में उन्हें मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और आखिरकार उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन की खबर ने पूरे टीवी इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
प्रिया मराठे ने अपने करियर की शुरुआत मराठी टीवी शो ‘चार दिवस सासुचे’ से की थी, जिसमें उनकी अभिनय प्रतिभा ने लोगों का ध्यान खींचा। इसके बाद वह एकता कपूर की मशहूर धारावाहिक ‘कसम से’ का हिस्सा बनीं, जिसमें उनके काम की काफी प्रशंसा हुई। लेकिन दर्शकों के बीच असली पहचान उन्हें अंकिता लोखंडे (Ankita Lokhande) के लोकप्रिय शो ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली। इस धारावाहिक में उनके निभाए किरदार ने उन्हें घर-घर तक पहुंचा दिया।
टीवी इंडस्ट्री में उन्होंने एक से बढ़कर एक भूमिकाएं निभाईं। वह ‘साथ निभाना साथिया’ (‘Saath Nibhaana Saathiya’), ‘बड़े अच्छे लगते हैं’, ‘भारत का वीर पुत्र: महाराणा प्रताप’ जैसे मशहूर धारावाहिकों में भी नजर आईं और अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतती रहीं। छोटे पर्दे के अलावा उन्होंने फिल्मों में भी कदम रखा और मराठी फिल्म ‘हमने जीना सीख लिया’ में अपनी अदाकारी का जलवा दिखाया।
प्रिया मराठे का जाना टीवी जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने अभिनय से न सिर्फ मनोरंजन किया, बल्कि अपने किरदारों के जरिए दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी। 38 साल की उम्र में इस तरह उनका जाना उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के लिए बेहद बड़ा सदमा है। इंडस्ट्री और उनके फैंस उन्हें हमेशा एक बेहतरीन अभिनेत्री और सरल स्वभाव वाली इंसान के रूप में याद करेंगे।


