मुंबई में स्कूल और कालेजों में छुट्टी घोषित
मुंबई : (Mumbai) भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) ने सोमवार को महाराष्ट्र के मुंबई और उसके पड़ोसी जिलों ठाणे और पालघर के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट (‘Orange’ alert) जारी किया है। मुंबई और उसके उपनगरों में भारी बारिश से रेलवे पटरियां जलमग्र हो गई हैं, सडक़ों पर जलभराव हो गया है, जिससे रेलवे सेवा और सडक़ सेवा प्रभावित हो गई है।
मुंबई नगर निगम के आयुक्त भूषण गगरानी (Mumbai Municipal Corporation Commissioner Bhushan Gagrani) ने स्कूलों और कालेजों में दूसरे सत्र के लिए छुट्टी घोषित की है और नागरिकों को जरुरी काम होने पर ही घर से निकलने की अपील की है। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्रिल नीला ने भी आम नागरिकों को जरुरी काम होने पर ही घर से निकलने की अपील की है। इसी तरह की अपील इंडिगो, एयर इंडिया की ओर से की गई है।
भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department) ने आज कहा कि अगले 48 घंटों के दौरान मुंबई और उसके उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। खासकर रात के दौरान तेज़ हवाओं के साथ बहुत भारी बारिश की संभावना है। मुंबई में बीती रात से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मुंबई के निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है। जलभराव के कारण, अंधेरी मेट्रो की दोनों लेन आज के लिए वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दी गई हैं। मुंबई और उसके उपनगरों दादर स्टेशन, कुर्ला स्टेशन और आस पास के स्टेशनों पर रेलवे पटरियां पानी में डूब गई हैं। इससे लोकल सेवा प्रभावित हुई है। साथ ही भारी बारिश से सडक़ें तालाब में तब्दील हो गई है, इससे मुंबई यातायात पुलिस ने यातायात को ठाकरे पुल और गोखले पुल के रास्ते भेजा है।
मुंबई से उड़ान भरने वाली विभिन्न एयरलाइनों ने अपने यात्रियों को सलाह जारी कर उन्हें जल्दी रिपोर्ट करने के लिए कहा है। इंडिगो ने एक प्रारंभिक सलाह जारी कर यात्रियों से हवाई अड्डे तक आने-जाने के लिए अतिरिक्त समय निकालने और घर से निकलने से पहले उड़ान की स्थिति जांचने का आग्रह किया है।
एयरलाइन ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, “मुंबई अभी भी बारिश की चादर में लिपटी हुई है, और सडक़ों पर पानी सामान्य से धीमी गति से बह रहा है। शहर के कुछ हिस्सों, खासकर प्रमुख हवाईअड्डा मार्गों पर, जलभराव की सूचना मिली है।” इसके बाद अकासा एयर और एयर इंडिया ने भी इसी तरह की सलाह जारी की।


