नई दिल्ली : (New Delhi) बायोटेक फर्म्स और बड़ी फार्मास्यूटिकल कंपनियों को सर्विस देने वाली कंपनी एंथेम बायोसाइंसेज (Anthem Biosciences) के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट (stock market) में मजबूत एंट्री करके अपने आईपीओ निवेशकों को खुश कर दिया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 570 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई पर इसकी एंट्री 723.10 रुपये के स्तर पर और एनएसई पर 723.05 रुपये के स्तर पर एंट्री हुई। इस तरह एंट्री के साथ ही शेयरों को करीब 26 प्रतिशत का लिस्टिंग गेन मिल गया। लिस्टिंग के बाद शेयरों की लिवाली शुरू हो गई, जिसके कारण कुछ ही देर में कंपनी के शेयर उछल कर 734.82 रुपये के अपर सर्किट लेवल पर पहुंच गए। इस तरह पहले दिन के कारोबार में ही कंपनी के आईपीओ निवेशकों को 28.91 प्रतिशत का मुनाफा हो गया।
एंथेम बायोसाइंसेज का 3,395.79 करोड़ रुपये का आईपीओ 14 से 16 जुलाई के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से जोरदार रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 67.42 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (qualified institutional buyers) (QIBs) के लिए रिजर्व पोर्शन 192.80 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (non-institutional investors) (NIIs) के लिए रिजर्व पोर्शन में 44.70 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 5.98 गुना सब्सक्राइब हुआ था। वहीं एंप्लॉयीज के लिए रिजर्व पोर्शन में 6.99 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इस आईपीओ के तहत कोई नया शेयर जारी नहीं किया गया है, बल्कि 2 रुपये फेस वैल्यू वाले 5,95,75,319 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए बेचे गए हैं।
कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 385.19 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 367.31 करोड़ रुपये और 2024-25 में उछल कर 451.26 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का राजस्व 30 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ कर 1,930.29 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।


