ढाका : (Dhaka) सऊदी अरब से हज वापसी उड़ानों का आगमन शुरू हो गया। 369 बांग्लादेश के यात्रियों को लेकर पहली वापसी हज उड़ान कल सुबह 10:54 बजे राजधानी ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची। हवाई अड्डा प्राधिकारियों ने बयान जारी कर यह जानकारी दी।
द डेली स्टार की खबर के अनुसार, हवाई अड्डा प्राधिकारियों ने कहा कि सऊदी अरब का विमान एसवी-3803 (Saudi Arabian aircraft SV-3803) इन्हें लेकर पहुंचा। स्वदेश लौटे जायरीनों का बोर्डिंग गेट पर फूलों से स्वागत किया गया। बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के बूथ पर उन्हें जमजम पानी की बोतलें दी गईं। बांग्लादेश के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अध्यक्ष एयर वाइस मार्शल मोहम्मद मोनजुर कबीर भुइयां व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहे।
बांग्लादेश धार्मिक मामलों के मंत्रालय (Ministry of Religious Affairs of Bangladesh) की विज्ञप्ति के अनुसार, कल 12 उड़ानों से 4,904 तीर्थयात्री वापस लौटने वाले थे। मगर कल एक ही विमान आ सका। हज उड़ानों का वापसी चरण 10 जुलाई तक जारी रहेगा। इस साल बांग्लादेश के कुल 86,958 जायरीनों ने हज किया। कुल 222 उड़ानें सऊदी अरब से तीर्थयात्रियों को बांग्लादेश वापस लाएंगी।


