spot_img

New Delhi : दिल्ली पुलिस ने लॉन्च की नई जिपनेट वेबसाइट

नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली पुलिस ने जनता और विभिन्न राज्यों की पुलिस एजेंसियों के लिए एक बड़ी सुविधा की शुरुआत की है। पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में जिपनेट की नए रूप में विकसित वेबसाइट को लॉन्च किया। यह वेबसाइट अब दिल्ली पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट https://delhipolice.gov.in और सीधे https://zipnet.delhipolice.gov.in लिंक पर भी उपलब्ध है।

इस मौके पर दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम ब्रांच) सुरेंद्र कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस का यह कदम न सिर्फ अपराधियों की पहचान और निगरानी को बेहतर बनाएगा, बल्कि आम जनता को भी आवश्यक जानकारी हासिल करने में मददगार सिद्ध होगा।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिपनेट जो कि अंतर्राज्यीय अपराध और अपराधियों पर नजर रखने के लिए एक प्रमुख मंच है, अब एक नए रूप में आधुनिक, यूज़र फ्रेंडली और तकनीकी रूप से उन्नत होकर सामने आया है। यह प्लेटफॉर्म हरियाणा, राजस्थान, उप्र, पंजाब, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली जैसे आठ सदस्य राज्यों को आपस में जोड़ता है।

नई जिपनेट वेबसाइट की प्रमुख विशेषताएं

आधुनिक यूज़र इंटरफेस। वेबसाइट का डिजाइन अब और अधिक सहज, आकर्षक और नेविगेशन में आसान है।

एडवांस्ड सर्च फंक्शनलिटी नई तकनीक के साथ अब रिकॉर्ड सर्च करना तेज और सटीक हो गया है। चाहे वह गुमशुदा व्यक्ति हो, यूआईडीबी हो या चोरी की गाड़ी।

इसके अलावा

अब वेबसाइट हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। जिससे आम नागरिकों को ज्यादा आसानी होगी।

जनहित में उपलब्ध सेवाएं

नई जिपनेट -गुमशुदा व्यक्ति की जानकारी, अज्ञात मृत शरीर की जानकारी, अज्ञात जीवित व्यक्ति की जानकारी, चोरी की गई गाड़ियों की जानकारी, जब्त/बिना दावे की गई गाड़ियों की जानकारी और गुम हुए मोबाइल फोनों की जानकारी शामिल है।

Explore our articles