spot_img

Kolkata : टिटागढ़ में तृणमूल कांग्रेस पार्षद के फ्लैट में धमाका

कोलकाता : (Kolkata) उत्तर 24 परगना जिला अंतर्गत टिटागढ़ नगरपालिका के वार्ड संख्या चार स्थित एक फ्लैट में सोमवार सुबह हुए जोरदार विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तीव्र था कि फ्लैट की दीवारें तक उड़ गईं। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन आसपास के लोगों में भय का माहौल फैल गया है।

पुलिस के अनुसार, यह फ्लैट स्थानीय तृणमूल कांग्रेस पार्षद अरमान मंडल (Trinamool Congress councilor Arman Mandal) द्वारा किराए पर लिया गया था। प्रारंभिक जांच में संदेह जताया गया है कि फ्लैट में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी, जिसकी वजह से यह धमाका हुआ।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “धमाके के समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दीवारें उड़ गईं। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि धमाका अंदर रखे विस्फोटकों के कारण हुआ। हमने मामले की जांच शुरू कर दी है।”

धमाके से फ्लैट से सटी एक झोपड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई, क्योंकि उड़ती हुई कंक्रीट की चट्टानें उस पर गिर गईं। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और विस्फोट की प्रकृति तथा मंशा की जांच की जा रही है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाने में लगी हुई है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

Explore our articles