spot_img

Bhagalpur : अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पिरपैंती एवं राजमहल स्टेशनों पर मीडिया टूर का आयोजन

भागलपुर : (Bhagalpur) रेलवे अवसंरचना के आधुनिकीकरण और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने शुक्रवार को पिरपैंती एवं राजमहल रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए एक मीडिया टूर का आयोजन किया गया।

इस मीडिया टूर का नेतृत्व मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक यतीश कुमार ने किया, जिनके साथ मंडल के सभी वरिष्ठ शाखा अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। इस दौरे का उद्देश्य मीडिया को चल रहे पुनर्विकास कार्यों की जानकारी देना, परियोजना की प्रगति से अवगत कराना एवं भविष्य की रूपरेखा साझा करना था। पिरपैंती स्टेशन पर डीआरएम ने मीडिया प्रतिनिधियों को पुनर्विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी एवं स्टेशन का भ्रमण कराकर उन्नत अवसंरचना और यात्री सुविधाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया।

उल्लेखनीय है कि अगस्त 2023 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पिरपैंती स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की आधारशिला वर्चुअली रखी गई थी। एनएसजी-5 श्रेणी में आने वाला पिरपैंती स्टेशन, पूर्व रेलवे के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक है। अमृत भारत स्टेशन योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत 18.93 करोड़ की लागत से विभिन्न कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें सिविल, इलेक्ट्रिकल, एसएंडटी, साइनेज, लिफ्ट, 12 मीटर फुट ओवर ब्रिज/रूफ प्लाज़ा, आगमन एवं प्रस्थान ब्लॉक का निर्माण, पैदल मार्ग, आकर्षक मूर्तियाँ, आधुनिक आंतरिक सज्जा, सौंदर्यपूर्ण लाइटिंग के साथ नवीन अग्रभाग (फैसाड) आदि शामिल हैं। स्टेशन का डिज़ाइन एवं इंटीरियर को स्थानीय कला एवं समीपवर्ती ऐतिहासिक धरोहरों से प्रेरणा लेकर तैयार किया गया है, जिससे इसे एक विशिष्ट पहचान मिली है। निर्धारित सभी कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।

Explore our articles