हाई काेर्ट के आदेश के बाद भी जल विवाद का नहीं निकला हल
पानी रिलीज करने का हाई काेर्ट नहीं दिया है आदेश: मुख्यमंत्री
चंडीगढ़ : (Chandigarh) पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट (Punjab-Haryana High Court) के आदेश के बावजूद गुरुवार काे पंजाब ने भाखड़ा डैम से हरियाणा को अतिरिक्त पानी नहीं दिया। हरियाणा के लिए पानी छोड़ने के लिए भाखड़ा डैम पर पहुंचे बीबीएमबी के चेयरमैन को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बंधक बना लिया। बाद में पुलिस ने उन्हें वहां से निकाल कर चंडीगढ़ भेज दिया। मुख्यमंत्री भगवंत मान (Chief Minister Bhagwant Mann) भी भाखड़ा डैम पर पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाई काेर्ट ने पानी छाेड़ने का काेई आदेश नहीं दिया है। मान ने हाई काेर्ट के आदेश काे सुप्रीम काेर्ट में चुनाैती देने की बात कही है।
भाखड़ा डैम पर पानी छोड़ने के लिए गुरुवार काे कई घंटे तक हंगामा चलता रहा। पंजाब-हरियाणा के बीच छिड़े जल विवाद पर हाई कोर्ट के बुधवार के फैसले के बाद भी हरियाणा काे अतिरिक्त पानी नहीं दिया गया। काेर्ट ने पंजाब पुलिस अथवा पंजाब सरकार काे बीबीएमबी के काम में हस्तक्षेप न करने के आदेश दिए थे। इससे पहले हाई कोर्ट ने हरियाणा को पानी दिए जाने के संबंध में 2 मई का फैसला लागू करने के भी निर्देश दिए थे। हाई कोर्ट के फैसले के बाद बीबीएमबी के चेयरमैन मनोज त्रिपाठी गुरुवार की सुबह भाखड़ा डैम पर पहुंचे, लेकिन यहां पहले से मौजूद आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बीबीएमबी अध्यक्ष के विरूद्ध नारेबाजी शुरू कर दी।
इसके बाद आप कार्यकर्ताओं ने बीबीएमबी चेयरमैन त्रिपाठी (AAP workers locked BBMB Chairman Tripathi) को सतलुज विश्राम गृह के एक कमरे में बंद कर दिया। इस बीच पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस व बरिंदर गोयल भी वहां पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया। इस बीच आआपा कार्यकर्ताओं ने भाखड़ा डैम के कंट्रोल रूम पर दोबारा ताला जड़ दिया। कई घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर भारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और बीबीएमबी चेयरमैन को पुलिस सुरक्षा के बीच वहां से निकालकर चंडीगढ़ पहुंचाया।
इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Punjab Chief Minister Bhagwant Mann) पंजाब के महाधिवक्ता एमएस बेदी के साथ भाखड़ा डैम पर पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिस समय देश जंग जैसे हालातों का सामाना कर रहा है, उस समय भाजपा ने मुसीबत में मौका तलाशते हुए आज सुबह बगैर किसी सूचना के बीबीएमबी चेयरमैन व अधिकारियों को यहां भेज दिया। उन्होंने कंट्रोल रूम पर पहुंचकर हरियाणा का गेट खोलने का प्रयास किया। मान ने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश में कहीं भी पानी जारी करने को नहीं कहा गया है। चेयरमैन इस तरह का कोई आदेश नहीं दिखा पाए।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि 532 किलोमीटर क्षेत्र पाकिस्तान की सीमा से सटा हुआ है। भारत-पाक तनाव के कारण यहां पुलिस बल को तैनात किया गया है। बीबीएमबी पंजाब के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसकी सुरक्षा करना पंजाब सरकार की जिम्मेदारी है। मान ने कहा कि पंजाब सरकार हाई कोर्ट के फैसले पर मंथन कर रही है। बहुत जल्द इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी जाएगी।


