मनसे के अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा, महाराष्ट्र में आरक्षण की जरूरत नहीं
मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे (chief Raj Thackeray) ने सोमवार को शिवड़ी और पंढरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है। बाला नंदगांवकर मुंबई के शिवड़ी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे, जबकि दिलीप धोत्रे पंढरपुर से मैदान में उतरेंगे।
राज ठाकरे सोमवार को सोलापुर के दौरे पर हैं। उन्होंने आज दोहराया कि मनसे राज्य में 200 से 225 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इसकी तैयारी करने के निर्देश मनसे पदाधिकारियों को दिए गए हैं। उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव में पूरी तैयारी के साथ उतरेगी और बेहतर प्रदर्शन करेगी। राज ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में आरक्षण की जरूरत नहीं है। सिर्फ राजनीति के लिए आरक्षण की मांग की जा रही है। महाराष्ट्र हर तरह से सक्षम है और यहां अन्य प्रांत के लोगों को विकास का अवसर मिल रहा है।
राज ठाकरे ने यह भी कहा कि राज्य सरकार को अन्य प्रदेश के लोगों को सुविधाएं देते समय राज्य के युवा वर्ग को प्राथमिकता देनी चाहिए। राज ठाकरे ने शिंदे सरकार की योजनाओं की वित्तीय व्यवहार्यता को चुनौती देते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार के पास गड्ढों की मरम्मत के लिए धन की कमी है, वे ‘लाडली बहन’ और ‘लाडला भाई’ के लिए धन कैसे जुटाएंगे।


