सीहोर : (Sehore) सीहोर जिले में भोपाल से रेहटी जा रही गुप्ता ट्रैवल्स (Gupta Travels) की बस साेमवार काे अनियंत्रित होकर पलट गई। बस 4 बार पलटी। इस हादसे में 40 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से अस्पताल में भर्ती करवाया जा रहा है।
जानकारी अनुसार घटना देलावाड़ी घाट की है। बताया जा रहा है कि गुप्ता ट्रैवल्स की बस भोपाल से रेहटी की ओर जा रही थी। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। देलावाड़ी घाट पर बस अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिरी गई। जिससे सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में लगभग 40 यात्री घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और घायलों को बस से बाहर निकाला। 15 घायलों को रेहटी स्वास्थ केंद्र में भर्ती करवाया गया है, जहां एसडीएम, तहसीलदार और टीआई मौजूद हैं। अन्य घायलों को औबेदुल्लागंज अस्पताल भेजने की खबर सामने आई है। फिलहाल, पुलिस घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों अस्पताल पहुंचा रही है।


