spot_img
Home latest Berlin : पुर्तगाल ने स्लोवेनिया को पेनल्टी शूटआउट में हराकर क्वार्टर फाइनल...

Berlin : पुर्तगाल ने स्लोवेनिया को पेनल्टी शूटआउट में हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई

0
350

बर्लिन:(Berlin) पुर्तगाल ने सोमवार को फ्रैंकफर्ट के ड्यूश-बैंक-पार्क (Deutsche-Bank-Park in Frankfurt) में यूरो 2024 के अंतिम 16 मैच में स्लोवेनिया को पेनल्टी शूटआउट मे 3-0 से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। पुर्तगाल की इस जीत के हीरो गोलकीपर डिओगो कोस्टा रहे, जिन्होंने शूटआउट में तीन पेनल्टी बचाए।

पुर्तगाल ने मैच की शुरुआत से ही गेंद पर कब्ज़ा जमाया और शुरुआती चरणों में स्लोवेनिया को पीछे धकेल दिया। हालांकि, इसके बावजूद पुर्तगाली टीम को अपने दबदबे को गोल में बदलने के लिए संघर्ष करना पड़ा, क्रिस्टियानो रोनाल्डो और ब्रूनो फर्नांडीस दोनों ने नज़दीकी मौकों को गंवा दिया।

स्लोवेनिया ने अपने सभी खिलाड़ियों को गेंद के पीछे रखते हुए दृढ़ता से बचाव किया। रोनाल्डो के पास 30वें मिनट में फ्री-किक से एक मौका था, लेकिन उन्होंने इस मौके को भी गंवा दिया पहले हाफ के अंतिम चरण में स्लोवेनिया पुर्तगाल को चकमा दे सकता था, लेकिन पेटर स्टोजानोविक ने गोल पर शॉट लेने के बजाय स्क्वायर पास का विकल्प चुना।

पहला हाफ गोलरहित समाप्त हुआ। मैच दोबारा शुरू होने के बाद भी पुर्तगाली टीम अधिक सक्रिय टीम बनी रही, जबकि स्लोवेनिया काफी हद तक निष्क्रिय रही।

मैच के 55वें मिनट में स्लोवेनिया के गोलकीपर, जान ओब्लाक ने रोनाल्डो की फ्री किक का शानदार बचाव किया और पुर्तगाल एक बार फिर खाता खोलने से चूक गया। अतिरिक्त समय में, रोनाल्डो के पास गतिरोध को तोड़ने का सुनहरा अवसर था जब डिओगो को बॉक्स के अंदर फाउल किया गया था। हालांकि, वह 105वें मिनट में पेनल्टी स्पॉट से ओब्लाक को हरा नहीं सके।

तय समय तक कोई भी गोल नहीं होने से मैच पेनल्टी शूटआउट में चला गया। रोनाल्डो ने शूटआउट में गोल कर पुर्तगाल का खाता खोला। इसके बाद गोलकीपर डिओगो कोस्टा ने फिर अकेले ही पुर्तगाल को आगे बढ़ने में मदद की और जोसिप इलिसिक, जुरे बाल्कोवेक और बेंजामिन वर्बिक की पेनल्टी गोल को बचा लिया। बर्नार्डो सिल्वा ने इसके बाद अपनी सफल पेनल्टी से पुर्तगाल की जीत पक्की कर दी। अब अंतिम 8 में पुर्तगाल का सामना हैम्बर्ग के वोक्सपार्कस्टेडियन में फ्रांस से होगा।