spot_img
Home Jaipur Jaipur: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राजस्थान के छह जिलों में आंधी-बारिश...

Jaipur: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राजस्थान के छह जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

0
281

जयपुर: (Jaipur) राजस्थान के कुछ जिलों (some districts of Rajasthan) में आज एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर व आस-पास मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसका अलर्ट जारी किया है। शेष अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मार्च के अंतिम सप्ताह में तीखे तेवर दिखाने वाली गर्मी पर कुछ हद तक अंकुश लगा है। हवा में नमी बढ़ने के कारण लगातार तीसरे दिन भी तापमान में गिरावट आई है।

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार वर्तमान में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से नीचे है, जो कि सामान्य के करीब है। आगामी दो-तीन दिन तापमान सामान्य के आस-पास बने रहने की संभावना है। प्रदेश में सबसे अधिक दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री मापा गया। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार चौबीस घंटे बाद मौसम शुष्क होने लगेगा। इससे तापमान में बढ़ोतरी के आसार है।

पर्यटन स्थल माउंट आबू में तापमान में आए उछाल से गर्मी के तेवर तीखे रहे। मंगलवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ने से तापमापी का पारा 18 डिग्री मापा गया। अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने से तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सवेरे खुशनुमा मौसम का आनंद लेते हुए सैलानियों ने सड़कों, बाजारों में चहलकदमी कर प्राकृतिक सौंदर्य को निहारने का आनंद लिया। वहीं दोपहर के समय धूप के तेवर तीखे होने से राहगीरों को छांव का सहारा लेना पड़ा।