spot_img

Mumbai : मुंबई की महत्वाकांक्षी कोस्टल रोड का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण, 5 घंटे का सफर 15 मिनट में

मुंबई : (Mumbai) महानगर के महत्वाकांक्षी कोस्टल (तटीय) रोड के पहले चरण का उद्घाटन सोमवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) ने किया। बहुप्रतीक्षित इस तटीय रोड को मंगलवार से मुंबईवासियों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे मुंबईवासियों का 5 घंटे का सफर सिर्फ 15 मिनट में संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि तटीय मार्ग को पूरी तरह टोलमुक्त रखा गया है। मंगलवार से यह रास्ता मुंबईकरों के लिए खोल दिया जाएगा। साथ ही इस तटीय सडक़ पर सप्ताह में पांच दिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ही यात्रा की जा सकेगी। शनिवार और रविवार को तटीय मार्ग को पर यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा। वर्ली से मरीन ड्राइव तक का रास्ता खोल दिया गया है। इस रूट की वजह से 5 घंटे का सफर महज 15 मिनट में तय किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि कोस्टल रोड का नाम छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर रखा जाएगा।

जानकारी के अनुसार 10.58 किमी लंबी मुंबई कोस्टल रोड परियोजना पर कुल 14 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इन परियोजनाओं में जलाशय सडक़ें, पुल, बेहतर सडक़ें शामिल हैं। वर्ष 2018 में शुरू हुई इस परियोजना के नवंबर 2023 में पूरा होने की उम्मीद थी लेकिन स्थानीय मछुआरों ने इस योजना का विरोध किया था। इस वजह परियोजना में दोनों पिलर के बीच की दूरी 60 मीटर से बढ़ाकर 120 मीटर कर दिया गया। तटीय सडक़ परियोजना का 86 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, फिलहाल यातायात के लिए केवल एक मार्ग खुला रहेगा। साथ ही, तटीय सडक़ पर यात्रा करते समय अधिकतम गति 80 किमी प्रति घंटा होगी। सुरंग में गति सीमा 60 किलोमीटर प्रति घंटा है। मोड़, प्रवेश और निकास बिंदु का स्तर 40 किलोमीटर प्रति घंटा होगा। सडक़ पर वाहन पार्क करना या रोकना, फोटो सेशन या वीडियो लेना सख्त वर्जित है। कोस्टल रोड परियोजना का काम मई महीने तक पूरा होने की संभावना जताई जा रही है।

Explore our articles