काठमांडू : नेपाल में संयुक्त राष्ट्र के समन्वय में चल रहे 19 देशों के संयुक्त सैन्य अभ्यास के बीच चीन ने एक सैन्य प्रतिनिधिमंडल काठमांडू भेजने की घोषणा की है। नेपाल में 20 फरवरी से शुरू हुआ सैन्य अभ्यास 04 मार्च तक चलेगा।
चीन के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के मेजर जनरल झांग बाओचुन के नेतृत्व में पांच सदस्यीय सैन्य प्रतिनिधिमंडल चार दिवसीय दौरे पर 09 मार्च को काठमांडू पहुंचेगा। मेजर जनरल झांग बाओचुन वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय सैन्य सहयोग कार्यालय के उप प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं।
चीन की तरफ से यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब नेपाल में बहुराष्ट्रीय संयुक्त सैन्य अभ्यास चल रहा है। चीनी सैन्य दल नेपाल में सेना के प्रधान सेनापति जनरल प्रभुराम शर्मा, प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री से मुलाकात करेगा। झांग के साथ आने वाले वरिष्ठ अधिकारियों में कर्नल पेई लिंग सोंग लिक्सिंग, कर्नल ली यिंगफेंग, कैप्टन वांग गुओचांग और शी जियानगयांग हैं। चीनी सैन्य दल नेपाली सुरक्षा एजेंसियों के क्षमता निर्माण जैसे मुद्दों पर चर्चा करेगा।
नेपाल में इस समय सैन्य अभ्यास ‘शांति प्रयास’ का चौथा संस्करण चल रहा है, जिसका उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के अंतर्गत काम करनेवाले पीस कीपिंग फोर्स के द्वारा शांति अभियानों में भाग लेने वाले बलों की पेशेवर दक्षता और आपसी समन्वय क्षमता को बढ़ाना है।
अमेरिकी सरकार के ग्लोबल पीस ऑपरेशंस इनिशिएटिव के सहयोग से यह अभ्यास 20 फरवरी से शुरू हुआ, जिसमें नेपाल सहित 19 देशों के सैनिक शामिल हैं। यह अभ्यास 4 मार्च तक चलेगा। इस सैन्य अभ्यास में भारत, पाकिस्तान, नेपाल, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, फिजी, घाना, मलेशिया, इंडोनेशिया, मंगोलिया, थाईलैंड, उरुग्वे, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका, वियतनाम, कनाडा, फिलीपींस, नाइजीरिया भाग ले रहे हैं।


