spot_img

Haridwar : प्राण प्रतिष्ठा : हर की पैड़ी पर आयोजित दीपोत्सव में मुख्यमंत्री ने किया प्रतिभाग

हरिद्वार : अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा पर आज हर की पैड़ी पर हुए भव्य दीपोत्सव और विशेष गंगा आरती में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री ने हरकीपैड़ी पहुंचकर बजाओ ढोल स्वागत में मेरे भगवान आये हैं…, मंगल भवन अमंगल हारी, अयोध्या आये मेरे प्यारे राम बोलो जै-जै श्रीराम आदि श्रीराम भजनों के बीच देश तथा प्रदेश की समृद्धि की कामना करते हुये पूजा-अर्चना तथा विशेष आरती की।

धामी ने जैसे ही दीपोत्सव में दीप प्रज्ज्वलित करना प्रारम्भ किया, देखते ही देखते पूरी हरकीपैड़ी हजारों दीपकों की रोशनी से जगमगा उठी तथा सभी दिशायें पटाखों की ध्वनि तथा जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो गयी। हरकीपैड़ी की दीपोत्सव तथा विशेष आरती की यह छटा देखकर श्रद्धालु तथा उपस्थित जन-समूह अपने आपको इस अप्रतिम क्षण का साक्षी मानकर धन्य तथा सौभाग्यशाली समझ रहे थे।

दीपोत्सव तथा विशेष आरती कार्यक्रम का आयोजन श्रीगंगा सभा द्वारा किया गया। महामंत्री श्रीगंगा सभा तन्मय वशिष्ठ तथा अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद हरिद्वार डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व कैबिनेट मंत्री व हरिद्वार नगर विधायक मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित अनेक साधू-सन्त, श्रद्धालुजन गंगासभा के पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

Explore our articles