मुंबई: (Mumbai) मुंबई महानगरपालिका की ओर से अंधेरी रेलवे स्टेशन पर गोपालकृष्ण गोखले ब्रिज (Gopalkrishna Gokhale Bridge) के गर्डर की स्थापना के लिए शनिवार की मध्यरात्रि पौने 12 बजे के बाद गर्डर स्थापित करने का काम किया जाएगा। रविवार की भोर करीब पौने पांच बजे तक गर्डर स्थापित करने का काम पुरा कर लिया जाएगा। एहतियातन इस बीच बीएमसी ने विशेष ब्लॉक घोषित किया है।
अंधेरी पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण है और इसके पहले गर्डर को स्थापित करने का काम चल रहा है। पहले गर्डर को जोड़ने का काम पूरा हो चुका है। अब गर्डर को लॉन्च करके उत्तर की ओर खिसकाने और गर्डर को खिसकाने के बाद लगभग 1,300 टन वजन को नीचे लाने का काम चुनौतीपूर्ण है. पुल के काम में 7.5 मीटर की ऊंचाई से गर्डर नीचे करने की यह भारत की पहली परियोजना है। इस तकनीक के कार्यान्वयन में बहुत सावधानी बरतनी जरूरी है। रेल के औसतन एक घंटे के ब्लॉक में एक गर्डर को केवल 15 सेमी नीचे किया जा सकता है। इस विशाल गर्डर को 7.5 मीटर नीचे करने में अधिक समय लग सकता है।
बीएमसी से मिली जानकारी के अनुसार एक बार जब गर्डर को नीचे लाकर स्थापित कर दिया जाएगा, तो उस पर सरिये बिछा दिए जाएंगे और सीमेंट कंक्रीटिंग कर दी जाएगी। पुल का क्यूरिंग कार्य पूरा होने के बाद इस पर मैस्टिक का कार्य पूरा किया जाएगा। इन सभी कार्यों के पूरा होने के बाद ही पुल को एक तरफा यातायात के लिए खोलना संभव हो सकेगा।


