कलश यात्र में शामिल होंगी 1,100 महिलाएं
मुंबई: (Mumbai) भागवत प्रचार सेवा प्रतिष्ठान के तत्वावधान में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी विरार पूर्व के राऊत वाड़ी, गांधी चौक, पापड़ खिंड रोड, फूलपाड़ा में श्रीमद्भागवत सप्ताह कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया गया है। 10 से 16 दिसंबर तक शाम 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक चलने वाली संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में कथावाचक राजीव कृष्णजी महाराज अपनी अमृतवाणी से भक्तों को कथा का रसपान कराएंगे। 17 दिसंबर को पूर्णाहुति और महाप्रसाद (भंडारा) के साथ कथा का समापन होगा।
मुख्य यजमान तथा प्रतिष्ठान के अध्यक्ष धनंजय झा ने बताया कि वसई विरार शहर महानगरपालिका की प्रथम महिला महापौर प्रवीणा हितेंद्र ठाकुर के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में यह आयोजन 11 वर्षों से होता आ रहा है। यह आयोजन का 12वां वर्ष है। उन्होंने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के तहत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। वैदिक विधि-विधान से 10 दिसंबर की सुबह 8 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 1,100 महिलाएं शामिल होंगी। राऊत वाड़ी से प्रारंभ होकर जनकपुर धाम, श्री फूलेश्वरनाथ मंदिर से होते हुए फूलपाड़ा डैम, पाठक स्कूल सहकारनगर, हिल पार्क, आरजे नाका तक निकाली जाने वाली यह कलश यात्रा आकर्षण का केंद्र होगी। झा ने बताया कि भागवत प्रचार सेवा प्रतिष्ठान की ओर से इसी प्रकार के कई धार्मिक और सामाजिक आयोजन किए जाते हैं। उन्होंने सभी भक्तों को कथा में सपरिवार आमंत्रित किया है।


