मीरजापुर : कछवां थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रयागराज-वाराणसी रेल मार्ग पर शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मालगाड़ी के सामने कूदकर डीजे संचालक ने जान दे दी। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त कर परिवार और पुलिस को घटना की सूचना दी। घटनास्थल वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र होने के कारण वहां की पुलिस ने कार्रवाई की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नारायनपुर ग्राम पंचायत के अविनाश पटेल उर्फ शेरू पैदल ही नारायनपुर गेट की तरफ से आया और मिर्जामुराद क्षेत्र के बहेरवा हाल्ट के समीप वाराणसी की तरफ से आ रही मालगाड़ी के सामने छलांग लगा दी। इससे उसका शरीर दो भागों में अलग हो गया। चौकी प्रभारी जमुआ पुनीत कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक जमुआ चौकी क्षेत्र का मूल निवासी था, लेकिन घटनास्थल वाराणसी जनपद के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र होने के कारण वहां की पुलिस को अवगत कराकर आगे की कार्रवाई के लिए शव सुपुर्द कर दिया गया।


