देहरादून : उत्तराखंड एसटीएफ और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर लगभग 21 करोड़ की धोखाधड़ी करने के मामले में मुख्य आरोपित को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोपित पर देश भर में मुकदमे दर्ज हैं और वह चीन के लिए फर्जी कंपनियों और डमी खातों को खोलने का काम करता था।
एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि अभियुक्त वर्क फ्रॉम होम में रुचि रखने वाले व्यक्तियों को फर्जी होटल की साइट तैयार कर टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर होटल की ऑनलाइन बुकिंग का टास्क देकर कमीशन का लाभ कमाने का लालच देता था। जिस पर पहले तो कमीशन के रूप में कुछ धनराशि दी जाती थी और जब जनता को विश्वास हो जाता था तो उनसे इन्वेस्टमेंट के नाम पर मोटी रकम हड़प लेता था।
एसएसपी ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच की जा रही है। शुरुआती विश्लेषण में आरोपित देशभर में 37 एफआईआर में वांछित है और 855 आपराधिक तार (लगभग सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश) चीन से जुड़े हैं।


