spot_img

New Delhi : मौजूदा वित्त वर्ष में जीडीपी वृद्धि दर 6.5 फीसदी रहने की उम्मीद: शक्तिकांत दास

नई दिल्ली: (New Delhi) रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था अब तीन चुनौतियों- मुद्रास्फीति, धीमी वृद्धि और वित्तीय स्थिरता के लिए जोखिम का सामना कर रही है। दास ने कहा कि मौद्रिक नीति को सक्रिय रूप से महंगाई पर लगाम लगाने वाली होना चाहिए। ऐसा होने से ही जुलाई में 7.44 फीसदी के उच्चतम स्तर से महंगाई दर में गिरावट सुचारू रूप से जारी रही। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष 2023-24 में देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर 6.5 फीसदी रहने की उम्मीद है।

कौटिल्य इकोनॉमिक कॉन्क्लेव 2023 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए आरबीआई गवर्नर कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था अब चुनौतियों का सामना कर रही है। दास ने कहा कि पहला, मुद्रास्फीति में धीमी गति से कमी, जो बार-बार और ओवरलैपिंग झटकों से बाधित हो रही है। दूसरा, धीमी गति से विकास, और वह भी ताजा और बढ़ी हुई बाधाएं हैं। तीसरा, वित्तीय स्थिरता के छिपे हुए जोखिम। दास ने कहा कि नीतिगत ब्याज दर फिलहाल ऊंची बनी रहेंगी और केवल समय ही बताएगा कि यह कितने समय तक ऊंचे स्तर पर रहेगी।

दास ने कहा कि मूल्य स्थिरता तथा वित्तीय स्थिरता एक-दूसरे के पूरक हैं। आरबीआई ने दोनों को कुशलतापूर्वक प्रबंधित करने का प्रयास किया है। सब्जियों तथा ईंधन की कीमतों में नरमी के कारण सितंबर में सालाना आधार पर खुदरा महंगाई दर घटकर तीन महीने के निचले स्तर 5.02 फीसदी पर आ गई है। डिजिटल भुगतान से मौद्रिक नीति का असर तेजी से और प्रभावी रूप से दिखने लगा है। भारत वैश्विक वृद्धि का नया इंजन बनने के लिए तैयार है। शक्तिकांत दास ने कहा कि चालू वित्त वर्ष 2023-24 में देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर 6.5 फीसदी रहने की उम्मीद है।

इजरायल-हमास संघर्ष पर आरबीआई गवर्नर ने कहा, ‘‘बेशक जो कुछ भी हो रहा है उससे हम प्रभावित होते हैं, इसमें कोई संदेह नहीं है। हमारी आर्थिक बुनियादें मजबूत बनी हुई हैं, हमारे वित्तीय क्षेत्र मजबूत बने हुए हैं। इस अनिश्चित समय में जो मायने रखता है वह यह है कि आपके सूक्ष्म आर्थिक बुनियादी क्षेत्र कितने मजबूत हैं और आपका वित्तीय क्षेत्र कितना मजबूत है। मुझे लगता है कि दोनों चीजों में भारत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।’’

Explore our articles