भोपाल:(Bhopal ) कुछ दिनों के ब्रेक के बाद मध्यप्रदेश में एक बार फिर से तेज बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। गुरुवार से ही बारिश की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। जिनके कारण मौसम में बदलाव दिखाई देगा। ऐसा बंगाल की खाड़ी से स्ट्रॉन्ग सिस्टम के सक्रिय होने से होगा। मौसम विभाग ने इस दौरान प्रदेश के 8 जिलों में तेज होने की चेतावनी दी है, वहीं, भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन समेत 39 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
मध्यप्रदेश में बुधवार से मौसम फिर बदल गया। प्रदेश के 12 जिलों में बूंदाबांदी और बारिश हुई। इनमें भोपाल, सागर, जबलपुर, दमोह, बालाघाट के मलाजखंड, सतना, उमरिया, रीवा, छतरपुर के खजुराहो, नरसिंहपुर, मंडला और छिंदवाड़ा शामिल हैं। भोपाल में भी दोपहर में शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। राजस्थान के कोटा बैराज बांध से चंबल में 2.85 लाख क्यूसेक पानी मंगलवार तक छोड़ा गया। इससे बुधवार को मुरैना और भिंड में चंबल उफना गई।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम और लो प्रेशर एरिया सक्रिय हो गया है। वहीं, मानसून ट्रफ लाइन रतलाम से प्रदेश के बीचोंबीच से गुजर रही है। इससे सागर, रीवा और जबलपुर संभाग में मध्यम बारिश का दौर जारी है। अगले 24 घंटे में भोपाल, जबलपुर और सागर संभाग के कुछ जिलों में बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में बैतूल, हरदा, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और सागर जिलों में तेज बारिश होगी। वहीं, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।


