Principal tried to rape female LDC_ Villagers protest
चूरु : जिले के सिद्धमुख पुलिस थाना क्षेत्र के गवर्नमेंट सीनियर सैकेंडरी स्कूल की एक महिला एलडीसी ने प्रिंसिपल पर रेप की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर प्रिंसिपल के खिलाफ आईपीसी की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच कर रहे सिद्धमुख थानाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि स्कूल की 25 साल की महिला एलडीसी ने रिपोर्ट दी है। जिसमें बताया कि वह सिद्धमुख की गर्वमेंट स्कूल में एलडीसी के पद पर कार्यरत है। स्कूल प्रिंसिपल कृष्ण कुमार मेहरा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए मुझे परेशान करते थे। धमकी देते हुए मुझसे कहते है कि मैं स्कूल का प्रिंसिपल हूं। तुझे कहीं दूर पटक दूंगा, सस्पेंड कर दूंगा या बर्खास्त करवा दूंगा। नोटिस दे दूंगा तेरा बाप पहले से ही बीमार है। मैं तेरा घर बर्बाद कर दूंगा। यदि तुझे इस स्कूल में एलडीसी के पद पर रहना है तो मेरे साथ संबंध बनाने होंगे, नहीं तो तुझे जैसलमेर भिजवा दूंगा और तेरी नौकरी खत्म करवा दूंगा। इन धमकियों के डर से मैंने कभी उसका विरोध नहीं किया। वह बार-बार मुझे ऑफिस में बुलाकर मेरे साथ छेड़छाड़ करता और रेप करने का प्रयास करता। विरोध करने पर धमकी देता कि मैंने तेरी अश्लील वीडियो बना रखी है। किसी को बताया तो उसको वायरल कर तुझे बदनाम कर दूंगा।
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी बताई हुई जगह और होटल में नहीं गई तो उसने ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे की वीडियो वायरल कर दी। घटना की जानकारी मेरे भाई को लगने पर प्रिंसिपल ने फोन पर उससे माफी मांगी। उसने कहा कि मैंने बहुत बड़ी गलती कर दी है। मुझे माफ कर दो, बात फैलेगी तो आपकी बेइज्जती होगी। लड़की सुसाइड कर लेगी। मामले को यहीं दबा दो।
प्रिंसिपल की गिरफ्तारी के लिए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
स्कूल की महिला एलडीसी के मामला दर्ज करवाने के बाद बुधवार सुबह सिद्धमुख के ग्रामीणों ने स्कूल के सामने प्रिंसिपल को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलने पर सिद्धमुख पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों से समझाकर मामला शांत करवाया। मगर आक्रोशित ग्रामीण प्रिंसिपल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करते रहे।


