प्रयागराज : एनसीईआरटी, नई दिल्ली के निर्देशन में जनसंख्या शिक्षा में परियोजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन जीजीआईसी सिविल लाइंस में किया गया। जिसमें जीजीआईसी सिविल लाइंस प्रथम, जीजीआईसी सैदाबाद द्वितीय तथा जीजीआईसी जसरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में 10 राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, मादक द्रव्यों के दुरुपयोग की रोकथाम, पर्यावरण संरक्षण, बालक बालिकाओं के लिए समान अवसर आदि विषयों पर लोकनृत्य की सुंदर और संदेशप्रद प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ यूपी बोर्ड के सचिव दिब्यकांत शुक्ल, डीआईओएस पीएन सिंह, डीआईओएस द्वितीय रमेश तिवारी और जीजीआईसी की प्रधानाचार्या नीलम मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित शिक्षिकाओं और छात्राओं को सम्बोधित करते हुए यूपी बोर्ड के सचिव दिब्यकांत शुक्ल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्र, छात्राओं के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। अतः इनका सतत आयोजन विद्यालय में किया जाना चाहिए। निर्णायक एडीआईओएस लालबाबू मौर्य, उपासना रानी वर्मा प्रधानाचार्या पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज तथा मीरा अस्थाना सेवानिवृत्त शोध प्राध्यापिका थी।
प्रतियोगिता के समापन पर जिला विद्यालय निरीक्षक पीएन सिंह ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीम की छात्राओं को नकद पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोकनृत्य के माध्यम से आज बच्चों ने जो संदेश दिया है वास्तव में वह हम सभी के आचरण और कार्य व्यवहार में परिलक्षित होना चाहिए। प्रत्येक राजकीय विद्यालय को अपने छात्र, छात्राओं को सभी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
विद्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारम्भ करते हुए डीआईओएस पीएन सिंह ने सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ प्रीति मिश्रा एवं वंदना आनंद ने किया। कार्यक्रम की सह संयोजक मंजुलेश विश्वकर्मा, प्रधानाचार्या जीजीआईसी जसरा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर यूपी बोर्ड के उप सचिव देवव्रत, जीजीआईसी कटरा की प्रधानाचार्या शशिबाला चौधरी, डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी, लता कुमारी एवं विभिन्न विद्यालयों की शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।


