मेरठ : बसपा के पूर्व सांसद शाहिद अखलाक के बेटे दानिश अखलाक के खिलाफ सोमवार को दुष्कर्म पीड़िता ने कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराए। इस दौरान कोर्ट के बाहर सीओ के नेतृत्व में पुलिस फोर्स तैनात रही।
दिल्ली की युवती ने पूर्व सांसद शाहिद अखलाक के बेटे दानिश अखलाक पर होटल में दुष्कर्म करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने इस मामले में पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सोमवार को दुष्कर्म पीड़िता ने मेरठ कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराए। अपने बयान में पीड़िता ने दानिश पर लगाए गए आरोप दोहराए। इस दौरान सीओ के नेतृत्व में पुलिस फोर्स कोर्ट के बाहर तैनात रही। पुलिस ने इस मामले में जांच तेज कर दी है। जांच में पता चला कि दानिश ने बिना आईडी के होटल में कमरा लिया था। इसके बाद छात्रा से दुष्कर्म किया और उसका नहाते हुए वीडियो बना लिया। घटना के दिन की होटल की सीसीटीवी फुटेज अभी तक पुलिस को नहीं मिली है। सीओ शुचिता सिंह ने बताया कि जांच में होटल में बिना आईडी के कमरा देने की बात सामने आई है। इस लापरवाही पर होटल प्रबंधन पर कार्रवाई होगी।
एएसपी शुभम अग्रवाल के अनुसार, पुलिस को होटल की फुटेज अभी नहीं मिली है। जांच में लापरवाही मिलने पर होटल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


