भिवानी:(Bhiwani) गौवंश को लंपी स्किन बीमारी से बचाने के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा टीकाकरण अभियान की शुरूआत की गई है, जो कि 9 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान जिलेभर में गौवंश का टीकाकरण कर उन्हें लंपी बीमारी से बचाने का कार्य किया जाएगा।
अभियान के बारे में जानकारी देते हुए पशु पालन विभाग के उप निदेशक डा. रविंद्र सहरावत ने मंगलवार को बताया कि भिवानी जिले में एक लाख 5 हजार गौवंश का टीकाकरण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान में कोई गाय टीकाकरण से वंचित नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि चार माह से ऊपर के हर गौवंश का टीकाकरण किया जाएगा, जिसके लिए सभी पशु चिकित्सकों को टीमें बनाकर टीकाकरण करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
टीकाकरण अभियान में जुटे गांव बलियाली के पशु चिकित्सक डा. विजय सनसनवाल ने बताया कि वह टीम के साथ अपने चिकित्सालय के अंतर्गत आने वाली गायों व गौाशलाओं में टीकाकरण का कार्य शुरू कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि एलएसडी एक खतरनाक बीमारी है। इस बीमारी में गाय के शरीर पर गांठें हो जाती हैं। यह गांठें फूटकर उनमें घाव बन जाता है, जो कि पशु के लिए बहुत ही पीड़ादायक होता है।


