spot_img

Gwalior : सिरोल पहाड़ी की तर्ज पर अन्य स्थानों पर भी हो सघन वृक्षारोपणः न्यायमूर्ति पाठक

सिरोल पहाड़ी पर पर्यावरण की दिशा में किया गया कार्य अनुकरणीयः शेजवलकर

ग्वालियर : उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के न्यायमूर्ति आनंद पाठक ने कहा कि ग्वालियर की सिरोल पहाड़ी प्रयोग की भूमि है। यहाँ पर वृहद वृक्षारोपण का जो प्रयोग किया गया है उसकी सफलता देखकर मन में अपार प्रसन्नता होती है। न्यायमूर्ति पाठक ने मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत बुधवार को सिरोल पहाड़ी पर वसुधा वंदन के लिये वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यह बात कही। कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

न्यायमूर्ति पाठक ने कहा कि न्यायालयीन आदेशों में जब लोगों को पेड़ लगाने के निर्देश देना प्रारंभ किए गए तो उन्हें सिरोल पहाड़ी का स्थान बताया गया। जिसके परिणाम स्वरूप सिरोल पहाड़ी पर वृक्षारोपण का कार्य प्रारंभ हुआ। उन्होंने कहा कि लोगों को पेड़ लगाने को कहने के पीछे यह मंशा भी थी कि पर्यावरण सुधार के साथ-साथ लोगों के व्यवहार में भी सकारात्मक परिवर्तन आए।

उन्होंने कहा कि सिरोल पहाड़ी पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, वन विभाग एवं नगर निगम के साथ-साथ शहर के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी पर्यावरण के लिये सकारात्मक कार्य किया है। इसी का परिणाम है कि आज सिरोल पहाड़ी हरी-भरी और खूबसूरत नजर आ रही है। इस प्रकार के प्रयोग शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी किए जाना चाहिए। इसके साथ ही वृक्षारोपण के अभियान को जन आंदोलन बनाना भी जरूरी है। जब सब मिलकर सोचेंगे तो पर्यावरण सुधार न हो, ऐसा संभव नहीं है।

न्यायमूर्ति पाठक ने डबरा अनुविभागीय अधिकारी प्रखर सिंह द्वारा प्रारंभ की गई ई-लाइब्रेरी एवं चलित लाइब्रेरी का शुभारंभ करते हुए कहा कि ई-लाइब्रेरी एवं चलित लाइब्रेरी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में अध्ययनरत बच्चों को शिक्षा दिलाने का जो कार्य प्रारंभ किया गया है वह अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि विद्यादान जैसे कार्य को भी हम सबको मिलकर करने की आवश्यकता है। पढ़े-लिखे सभी लोग महीने में एक बार शासकीय स्कूलों में जाकर बच्चों को कम से कम एक घंटा पढ़ाएँ, ताकि बच्चों का उत्साहवर्धन हो और वे प्रोत्साहित होकर और लगन से शिक्षा ग्रहण कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सेना एवं पुलिस के अधिकारियों के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों को पढ़े-लिखे हैं, विद्यादान का कार्य करना चाहिए। इससे शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक माहौल बनेगा।

सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि देशभर में मेरी माटी– मेरा देश अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ग्वालियर में भी सिरोल पहाड़ी पर वृक्षारोपण का जो कार्य किया गया है उसकी जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। उन्होंने कहा कि आज पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि भी है, इस अवसर पर भी वृक्षारोपण हम सबने मिलकर किया है। शेजवलकर ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि ग्वालियर में अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर एक विशाल स्मारक भी विकसित किया जा रहा है।

शेजवलकर ने कहा कि न्यायमूर्ति आनंद पाठक की प्रेरणा और उनके सकारात्मक विचार से सिरोल पहाड़ी को सिटी फोरेस्ट के रूप में विकसित करने का जो कार्य प्रारंभ हुआ है वह निरंतर चलता रहेगा। इस पुनीत कार्य के लिये उनको लम्बे समय तक ग्वालियर के लोग याद रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सिरोल पहाड़ी की तर्ज पर ही शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी इसी तरीके से कार्य कर पर्यावरण को बेहतर करने की दिशा में प्रयास किया जाना चाहिए।

संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने कहा कि ग्वालियर में सिरोल पहाड़ी सिटी फोरेस्ट के रूप में बेहतर रूप से विकसित की गई है। वन विभाग के माध्यम से इसे और बेहतर बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। यह प्रसन्नता की बात है कि शहरवासियों को शहर के मध्य में ही वन जैसा अनुभव यह पहाड़ी करा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने की आवश्यकता है। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में जन मानस को जोड़कर इस दिशा में सार्थक प्रयास किए जाना चाहिए।

कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने मेरी माटी-मेरा देश अभियान एवं पर्यावरण सुधार के लिये जिले भर में किए जा रहे वृक्षारोपण कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिरोल पहाड़ी को जन आकर्षण का केन्द्र बनाने की दिशा में सभी विभागों के समन्वय से कार्य किया जा रहा है। यहाँ पर नक्षत्र वाटिका भी विकसित की जा रही है।

डीएफओ अंकित पाठक ने सिटी फोरेस्ट सिरोल की स्थापना के संबंध में किए गए प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

नक्षत्र वाटिका में अतिथियों ने किया पौधरोपण

सिरोल पहाड़ी पर वसुधा वंदन के लिये वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत नक्षत्र वाटिका में 75 पौधों का रोपण कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और विभागीय अधिकारियों के माध्यम से किया गया। न्यायमूर्ति पाठक, सांसद शेजवलकर, संभागीय आयुक्त दीपक सिंह, एडीजीपी डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल, सीसीएफ टीएस सूलिया, डीएफओ अंकित पाठक सहित अन्य अधिकारियों और नागरिकों ने किया वृक्षारोपण।

ई-लाइब्रेरी एवं चलित लाइब्रेरी का हुआ शुभारंभ

न्यायमूर्ति आनंद पाठक एवं सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सहित अतिथियों ने डबरा एसडीएम प्रखर सिंह की पहल पर प्रारंभ की गई ई-लाइब्रेरी एवं चलित लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। डबरा एसडीएम प्रखर सिंह ने ई-लाइब्रेरी एवं चलित लाइब्रेरी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

Explore our articles