रावलपिंडी: (Rawalpindi) पाकिस्तान इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने रविवार को कहा कि बाजौर जिले के चारमांग में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ एक सैनिक शहीद हो गया और चार आतंकवादी मारे गए। स्थानीय प्रमुख सूचना संचार माध्यमों के इंटरनेट प्लेटफार्म पर यह मुठभेड़ सुर्खियों है।
स्थानीय सूचना संचार माध्यमों के अनुसार सुरक्षा बलों ने चारमांग में आतंकवादियों की उपस्थिति की खुफिया रिपोर्ट पर अभियान चलाया। अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच तेज गोलीबारी हुई। इस दौरान एक आतंकवादी को जीवित दबोचा गया। मौके से हथियार, गोला-बारूद, एक आत्मघाती जैकेट और विस्फोटक बरामद हुए हैं।
पाकिस्तान के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के बयान के आधार पर मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि शहीद सैनिक की पहचान 24 वर्षीय सिपाही मोहम्मद शोएब के रूप में हुई है। मारे गए आतंकवादियों की पहचान नहीं हो सकी है। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान कथित रूप से आतंकवाद से जूझ रहा है। हाल ही में बाजौर में जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम फजल के सम्मेलन में आत्मघाती विस्फोट में 60 से अधिक लोग मारे गए थे। इस्लामाबाद का आरोप है कि पड़ोसी देश अफगानिस्तान में तालिबान शासन की वापसी के बाद से पाकिस्तान में आतंकवाद ने तेजी से सिर उठाया है।


