spot_img
Home latest Poonch : एलओसी पर गिरफ्तार किया गया घुसपैठिया निकला विकलांग अफगानी नागरिक

Poonch : एलओसी पर गिरफ्तार किया गया घुसपैठिया निकला विकलांग अफगानी नागरिक

0
152

पुंछ : (Poonch) जम्मू संभाग के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास से दो दिन पहले गिरफ्तार किया गया घुसपैठिया बाएं पैर से विकलांग और अफगानी नागरिक है। वह सोमवार को बालाकोट सेक्टर में सीमा बाड़ से आगे डाबी-बसुनी गांव में अनजाने में घुस आया था।

सेना के अधिकारियों ने बुधवार को जानकारी दी कि लगभग 20 साल के अब्दुल वाहिद को पहले पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का निवासी माना जा रहा था। वह सोमवार को बालाकोट सेक्टर में सीमा बाड़ से आगे डाबी-बसुनी गांव में अनजाने में घुस आया था, तभी सेना के सतर्क जवानों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि वह एक अफगान नागरिक है।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हालांकि, उसके कब्जे से कुछ भी आपत्तिजनक बरामद नहीं हुआ है, लेकिन भारतीय सीमा में घुसपैठ करने के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ जारी है। अधिकारी ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी अफगान नागरिक को पुंछ के मेंढर उप जिला में नियंत्रण रेखा पर गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने कहा कि सेना ने पूछताछ पूरी करने के बाद कानूनी औपचारिकता के अनुसार वाहिद को पुलिस को सौंप दिया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में दो सैन्यकर्मियों को अपंग व्यक्ति को वाहन से उतारने और पुलिस स्टेशन में चलने में मदद करते हुए दिखाया गया है। अधिकारी ने बताया कि उसके पास से कुछ पाकिस्तानी नोट बरामद हुए हैं।