spot_img

Mumbai : पदयात्रा और बस यात्रा के जरिए महाराष्ट्र को निकम्मी सरकार से करेंगे मुक्त, कांग्रेस फिर जीतेगी : नाना पटोले

मुंबई : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण जहां गुजरात से शुरू हो रहा है, वहीं महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी भी पदयात्रा के जरिए राज्य की निक्कमी सरकार से महाराष्ट्र को मुक्त कराने के बीड़े की शुरुआत करेगी। इसके लिए राज्य के सभी संभाग में पदयात्रा निकालने की जिम्मेदारी प्रमुख नेताओं को दी गई है। इस पदयात्रा के बाद एक बस यात्रा भी निकाली जाएगी। इन सारी बातों की जानकारी महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने मंगलवार को गांधी भवन में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में दी। उन्होंने कहा कि इस बस यात्रा के जरिए राज्य की जनता के सामने बीजेपी के भ्रष्टाचार को उजागर किया जाएगा। गांधी भवन में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पदयात्रा राज्य के छह संभागों में होगी । उन्होंने कहा कि मैं नागपुर संभाग की जिम्मेदारी संभालूंगा। जबकि नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार अमरावती, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण मराठवाड़ा, कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात उत्तर महाराष्ट्र, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण पश्चिम महाराष्ट्र और पूर्व मंत्री और मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड मुंबई संभाग का नेतृत्व करेंगी। कोंकण संभाग में सभी नेता एक साथ आएंगे और पदयात्रा निकालेंगे। इस पदयात्रा का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही घोषित किया जाएगा। इस पदयात्रा के बाद बस यात्रा के जरिए पूरे महाराष्ट्र का दौरा किया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने झूठे वादे कर जनता को गुमराह किया है। यह किसानों, मजदूरों, गरीबों, मेहनतकश लोगों, युवाओं, महिलाओं से जुड़े सवाल हैं, जिसे हम ज़ोर – शोर से उठाने वाले हैं । केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था जैसे हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। भाजपा जाति और धर्म में टकराव पैदा कर अपनी राजनीतिक रोटियों को सेंकने में लगी है। भाजपा सरकार जनता को अधर में छोड़ का सिर्फ अपने ख़ास ‘ मित्रों’ के लिए काम कर रही है। ये सभी मुद्दे यात्रा के दौरान सभाओं के जरिए जनता के सामने रखे जाएंगे।

लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की समीक्षा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य के सभी 48 लोकसभा क्षेत्रों की समीक्षा के लिए निरीक्षकों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि ये सभी निरीक्षक 48 विधानसभा क्षेत्रों में वहां की राजनीतिक स्थिति, पार्टी संगठन की ताकत का अध्ययन करेंगे और 15 अगस्त तक प्रदेश कांग्रेस को रिपोर्ट सौंपेंगे। इस रिपोर्ट पर चर्चा करने के बाद आगे की रणनीति को तय किया जाएगा।

मुंबई में राहुल गांधी का अभिनंदन किया जाएगा

नाना पटोले ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने हमारे नेता राहुल गांधी की सज़ा पर रोक लगा दी है। इससे कांग्रेस पार्टी और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। राहुल गांधी जिस बेबाकी से केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ आवाज़ उठा रहे हैं, उससे सत्ताधारी दलों में हड़कंप मचा हुआ है। यही वजह है कि बीजेपी ने साजिश रचकर राहुल गांधी की सांसदी को रद्द करने की कोशिश की थी। राहुल गांधी की इमेज अब देश में तानाशाही सरकार के खिलाफ ईमानदारी से लड़ने वाले नेता के रूप में उभर कर सामने आई है । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम लोग मुंबई में राहुल गांधी के भव्य अभिनंदन की योजना बना रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार और पूर्व मंत्री नसीम खान ने दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से इस पर चर्चा की है। पटोले ने यह भी कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने राहुल गांधी को अभिनंदन समारोह के लिए निमंत्रण भेज दिया है। इस प्रेस कांफ्रेंस में पटोले के अलावा मुंबई कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष चरण सिंह सप्रा, प्रदेश महासचिव देवानंद पवार, प्रमोद मोरे, प्रवक्ता डॉ. राजू वाघमारे और भरत सिंह समेत कई अन्य नेता उपस्थित थे।

Explore our articles