spot_img

Bikaner : डेंगू के बीकानेर में तेरह डेंगू रोगी रिपोर्ट, बढ़ने की आशंका में पूरे जिले में हाई अलर्ट किया

बीकानेर : जबरदस्त बारिश के बाद बीकानेर में अब डेंगू-मलेरिया की आशंका जोर पकड़ने लगी है। जुलाई महीने के आखिरी पखवाड़े में नौ नए रोगी सामने आने के साथ ही अब तक 13 डेंगू रोगी रिपोर्ट हो चुके हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने पूरे जिले में अलर्ट जारी किया है। जिलेभर के अधिकारियों को कहा गया है, जहां-जहां पानी एकत्रित है वहां मच्छर पनपने से रोकने के लिए सभी उपाय करें।

दरअसल बीकानेर डेंगू-मलेरिया के लिहाज से हाइरिस्क एरिया के रूप में चिह्नित हैं। यहां हर साल बड़ी तादाद में डेंगू-मलेरिया रोगी रिपोर्ट होते हैं। बीते साल 783 डेंगू रोगी रिपोर्ट हुए। वर्ष 2021 में 1152 को इस बीमारी ने अपनी चपेट में लिया। ये ऐसे आंकड़े हैं जो स्वास्थ्य विभाग के हॉस्पिटलों में एलाइजा टेस्ट से मिले हैं। इसके अलावा रैपिड टेस्ट व निजी हॉस्पिटलों में इलाज लेने वालों की संख्या कहीं अधिक होती है। इस बार भी मलेरिया और डेंगू जैसे बुखार की चपेट में रोगी आ रहे हैं। लक्षणों के आधार पर इन बीमारियों की दवाइयां भी दी जाने लगी है लेकिन अब तक रिपोर्ट ऐसी नहीं है कि बीमारी का प्रकोप माना जाए।

बीते सप्ताह में दो नए रोगियों के साथ मलेरिया के अब तक अब 23 पॉजिटिवि मरीज रिपोर्ट हो चुके हैं। इस साल अब तक लगभग 1.40 लाख स्लाइड की मलेरिया की आशंका में जांच का दावा किया गया है। बीकानेर को मलेरिया एंडमिक जोन माना जाता है। मतलब यह कि इस इलाके मे कभी भी मलेरिया रोगी रिपोर्ट हो सकते हैं। इसके बावजूद राहत की बात यह है कि बीते सालों में लगातार यह बीमारी कम हो रही है। इसकी जगह डेंगू बढ़ रहा है।

देशभर में मलेरिया के खात्मे के लिए चल रहे अभियान के साथ ही जहां रोगी कम हो रहे हैं वहीं एक आशंका यह भी जताई जा रही है कि कहीं इस बीमारी के लक्षण तो नहीं बदल गए। कम घनत्व का मलेरिया भी बाद में प्रकोप का रूप ले सकता है। इसी लिहाज से बीकानेर सहित देश के कई हिस्सों में छिपे हुए मलेरिया रोगियो की तलाश एवं जांच शुरू की गई है। बीकानेर में यह रिसर्च मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में सीनियर प्रोफेसर डॉ.संजय कोचर की टीम कर रही है।

Explore our articles