उधमपुर : उधमपुर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित जिब गांव के मनवेला क्षेत्र में एक महिला द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का मामला प्रकाश में आया है।
जानकारी अनुसार जिब के मनवेला की रहने वाली एक महिला जिसकी पहचान नीलम कुमारी (28) के रूप में हुई है, संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर में पंखे से लटकती हुई बरामद हुई। जब इसकी जानकारी उसके परिजनों को लगी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस व मायके वालों को दी। पुलिस सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर उसे नीचे उतारा तथा सभी औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत उसे पोस्टमार्टम हेतु जीएमसी उधमपुर में पहुंचाया। यहां पर पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा शव को अंतिम क्रिया हेतु उसके घर वालों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच प्रारंभ कर दी है।
वहीं दूसरी ओर नीलम की मौत को उसके मायके वालों ने हत्या करार दिया है। उसकी भाभी कमलेश कुमारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके ससुराल वाले उसे बहुत तंग करते थे। उन्होंने बताया कि नीलम की शादी करीब 6 माह पहले ही हुई थी। शादी के उपरांत वह बहुत कम अपने मायके आती थी। ना उसे फोन उठाने दिया जाता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नीलम का पति दूसरी शादी की फिराक में था।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और जो भी इसमें दोषी है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।


