बांसवाड़ा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री कम और भाजपा के चुनावी प्रचार मंत्री के रुप में ज्यादा काम कर रहे हैं, इसलिए वह मन की बात करते हैं काम की बात नहीं करते। देश में वैमनस्य बढ़ गई है। धर्म के आधार पर भाजपा राजनीति करना चाहती है लेकिन अब देश की जनता सब समझ चुकी है। वह कह रही है अब नहीं सहेगा हिंदुस्तान। यह बात कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मंगलवार को बांसवाड़ा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। रंधावा और डोटासरा विश्व आदिवासी दिवस 9 अगस्त को मानगढ़ धाम पर प्रस्तावित कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जनसभा की तैयारियों का जायजा लेने बांसवाड़ा आए थे।
सम्मेलन को राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया, खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास और टी ए डी मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया ने संबोधित किया।
इस अवसर पर राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भाजपा द्वारा जयपुर में आयोजित नहीं सहेगा राजस्थान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब तो देश का हर व्यक्ति कह रहा है की मोदी को अब नहीं सहेगा हिन्दुस्तान। उन्होंने कहा कि मैं राजस्थान के 25 सांसदों से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने कभी पार्लियामेंट में राजस्थान की बात क्यों नहीं की। सारे के सारे गूंगे पहलवान बनकर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि क्या राजस्थान की आवाज उठाकर ईआरसीपी के मुद्दे को नहीं उठाना चाहिए ?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पदाधिकारियों से कहा कि इस सभा को हमें ऐतिहासिक बनाना है। हम राहुल गांधी के आगमन के साथ ही आदिवासी गौरव दिवस मनाने जा रहे हैं। हमें इसके लिए आज से ही तैयारी शुरू कर देनी है। गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर सभी को इस सभा के लिए आमंत्रित करना है। उन्होंने कहा कि बांसवाड़ा की रैली सबसे बड़ी होगी और उसमें प्रधानमंत्री की अब तक की राजस्थान की जो रैलियां हुई उससे ज्यादा भीड़ होगी। डोटासरा ने कहा कि अब कांग्रेस कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर जुट जाएं और बांसवाड़ा में अपनी-अपनी विधानसभा से लोगों को लाने के लिए काम में लग जाए।
धाम को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा मिले- रंधावा
मीडिया से बातचीत में रंधावा ने कहा कि आदिवासी दिवस पर राहुल गांधी आ रहे हैं। उन्होंने मानगढ़ धाम को लेकर कहा कि जो शहीद होता है वह देश का शहीद होता है, शहीद किसी एक प्रदेश का नहीं होता, मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केवल राष्ट्रीय स्मारक की घोषणा ही कर देते बाकी का विकास का काम तो राज्य सरकार ही कर देती ।
मुद्दों को भड़काने के लिए लाल डायरी का हव्वा बना रहे
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रधानमंत्री द्वारा अगले चुनाव में लाल डायरी का मुद्दा छाए रहने के मामले में कहा कि प्रधानमंत्री ना तो मणिपुर का जवाब देते हैं और ना ही महिला अत्याचार और अन्य मुद्दों पर कोई जवाब देते हैं वह केवल देश के मुख्य मुद्दों से भटकाने के लिए लाल डायरी के बारे में बात करते हैं उनको रोजगार देने की बात करनी चाहिए साथ ही महिला अत्याचार के बारे में बोलना चाहिए देश के प्रधानमंत्री कम और प्रचार मंत्री बन के रह गए हैं और विपक्ष के मुंह बंद करने में लगे हुए हैं।


