spot_img

Bhilwara : लुहारिया में बवाल के बाद शांति, पुलिस ने फ्लैग मार्च कर भीड़ को तितर बितर करने के लिए भांजी लाठियां

भीलवाड़ा : जिले के राजकीय सीनियर हायर सैकेंडरी स्कूल की एक छात्रा के पानी की बोतल में मूत्र मिलाकर पिलाने और उसके बैग में आई लव यू का लैटर रखने के मामले में आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को समुदाय विशेष के मोहल्ले में घुसने की कोशिश की और पुलिस पर पथराव किया। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर ग्रामीणों को खदेड़ा। अब वहां पर स्थिति सामान्य है। पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू की अगुवाई में फ्लैग मार्च निकाला गया है। पुलिस ने बवाल के दौरान पत्थरबाजी करने के मामले में दर्जन भर युवकों को हिरासत में लिया है।

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि शुक्रवार को लुहारिया गांव की राजकीय सीनियर हायर सैकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा ने शिकायत की थी कि वह लंच में अपने घर चली गई थी और बैग स्कूल में भूल गई थी। बैग में रखी पानी की बोतल में कुछ लड़कों ने मूत्र मिला दिया, पानी पीने पर दुर्गंध आने के बाद उसने शिकायत की। उसके बैग में एक लव लैटर भी मिला जिस पर आई लव यू लिखा हुआ था। यह शिकायत प्रिंसिपल को करने पर प्रिंसिपल ने कोई कार्रवाई नहीं की। सोमवार को स्कूल खुलने पर आक्रोशित लोगों ने तहसीलदार, पुलिस चौकी इंचार्ज और स्कूल के प्रिंसिपल से शिकायत की और कोई प्रभावी कार्रवाई होते नहीं देख समुदाय विशेष के मोहल्ले में घुसकर पथराव किया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम शर्मा ने बताया कि अभी तक छात्रा की ओर से पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं करवाया गया है। पुलिस समुदाय विशेष के मोहल्ले में घुसने और पथराव करने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करेगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम शर्मा भारी पुलिस बल के साथ लुहारियां गांव में तैनात है। घटना के बाद भीलवाड़ा से ज़िला शिक्षा अधिकारी महावीर शर्मा, अतिरिक्त ज़िला कलेक्टर डाक्टर राजेश गोयल लुहारिया स्कूल पहुंचे। ज़िला शिक्षा अधिकारी महावीर शर्मा ने बताया कि स्कूल में कुल 499 छात्र अध्ययन करते है, जिसमें से 99 छात्राएं है। स्कूल में एक प्रिंसिपल और 13 टीचर कार्यरत है। ग्रामीणों द्वारा प्रिंसिपल और चार टीचर पर घटना के दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया गया है जिस पर शिक्षा विभाग कार्रवाई कर रहा है।

Explore our articles