नई दिल्ली: (New Delhi) केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार को संसद को बताया कि मिशन भर्ती अभियान के तहत केवल 10 महीने की अवधि में केंद्रीय उच्च शैक्षिक संस्थानों (सीएचईआई) में कुल 13,287 रिक्तियां भरी गई हैं।
शिक्षा मंत्रालय में राज्यमंत्री डॉ सुभाष सरकार ने लोकसभा में केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के रिक्त पदों के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्रालय ने सभी केंद्रीय उच्च शैक्षिक संस्थानों (सीएचईआई) को मिशन मोड में रिक्तियों को भरने का निर्देश दिया है। 27 जुलाई, 2023 तक मिशन भर्ती अभियान के तहत केवल 10 महीने की अवधि में सीएचईआई में कुल 13,287 रिक्तियां भरी गई हैं।
उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्रालय के तहत उच्च शिक्षा संस्थान (एचईआई) संसद के संबंधित केंद्रीय अधिनियमों के तहत स्थापित वैधानिक स्वायत्त संगठन हैं और उनके तहत बनाए गए अधिनियम, संविधियों, अध्यादेशों, विनियमों के प्रावधानों द्वारा अभिशासित होते हैं। रिक्तियों का होना और उन्हें भरना एक सतत प्रक्रिया है। रिक्तियां सेवानिवृत्त, इस्तीफे और छात्रों की बढ़ी हुई संख्या के परिणाम स्वरूप अतिरिक्त आवश्यकताओं के कारण उत्पन्न होती हैं। राज्य विश्वविद्यालय संबंधित राज्य अधिनियमों के माध्यम से स्थापित किए जाते हैं और उनमें रिक्तियां संबंधित राज्य सरकारों, विश्वविद्यालयों द्वारा स्वयं भरी जाती हैं। राज्य विश्वविद्यालयों की रिक्तियों का विवरण केंद्रीय स्तर पर नहीं रखा जाता है।


