Home crime news शिमला : मकान में घुसा मलबा, युवती की मौत, बुजुर्ग महिला लापता

शिमला : मकान में घुसा मलबा, युवती की मौत, बुजुर्ग महिला लापता

0
182

शिमला : हिमाचल की राजधानी शिमला में मानसून की भारी वर्षा ने कहर बरपा दिया है। शहर में जगह-जगह भूस्खलन व पेड़ों के गिरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रविवार को न्यू शिमला के समीप रझाणा गांव में पहाड़ी से एक भवन पर भारी-भरकम मलबा और पेड़ गिर गए। इस भवन में अंदर रह रहे एक युवती और उसकी बुजुर्ग दादी मलबे में दब गई।

बचाव टीमों ने युवती को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृतक युवती की पहचान पारुल (22) के रूप में हुई है। जबकि बुजुर्ग महिला नानकी (75) अभी भी मलबे में दबी है। उसे निकालने के लिए बचाव दल भरसक प्रयास कर रहे हैं। भूस्खलन की ये घटना रविवार बाद दोपहर पेश आई। पुलिस के अनुसार पहाड़ी से आया मलबा इतना ज्यादा था कि पूरा घर मलबे से भर गया। घर के साथ पार्क गाड़ियां भी मलबे में पूरी तरह से दब गईं। परिवार के अन्य सदस्यों ने भागकर जान बचाई, लेकिन युवती और बुजुर्ग महिला बाहर नहीं निकल पाई।

एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि हादसे में युवती ने दम तोड़ दिया है, जबकि बुजुर्ग महिला लापता है। उसके रेस्क्यू की कोशिश की जा रही है।

बता दें कि शिमला में बीते दो दिन से भारी बरसात हो रही है। बीती देर रात शिमला जिला के कोटगढ़ में एक मकान के धराशायी होने से दम्पति और उनके 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य चोटिल हुए। राज्य में 24 जून को मानसून के आगमन के बाद से बारिश से जुड़ी आपदाएं सामने आ रही हैं। अब तक बारिश से संबंधित घटनाओं में 50 लोगों की मौत हो गई और 80 घायल हो गए, जबकि पांच लापता हैं। 354 मवेशी भी इस दौरान मारे गए हैं।