नई दिल्ली:(New Delhi) जानवरों पर इंसानों द्वारा क्रूरता बरतने की कई घटनाएं दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों में सामने आ चुकी हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला पश्चिमी जिले के विकासपुरी इलाके में सामने आया है। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक कार सवार सड़क किनारे बैठे कुत्ते के ऊपर कार चढ़ाते हुए नजर आ रहा है।
इस वीडियो को दिल्ली प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने भी ट्वीट किया और पुलिस से आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी सोशल मीडिया में वायरल हुई तो दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की बात कही है। डीसीपी विचित्र वीर से मिली जानकारी के अनुसार इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है। विकासपुरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।


