नई दिल्ली: (New Delhi) वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में दिल्ली सरकार के जीएसटी कलेक्शन में 15 फीसदी की रिकॉर्ड वृद्धि हुई हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही के जीएसटी कलेक्शन 6985.05 करोड़ की तुलना में इस साल की पहली तिमाही में दिल्ली में जीएसटी कलेक्शन 8028.91 करोड़ रहा है। इस बाबत गुरुवार को प्रेस वार्ता में वित्त मंत्री आतिशी ने जानकारी दी कि जीएसटी कलेक्शन में रिकॉर्ड वृद्धि के साथ हमने साबित किया कि अगर नियत सही हो तो सरकारों के पास पैसे की कोई कमी नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में अरविन्द केजरीवाल की सरकार में पिछले 8 सालों में जनता पर कोई नया टैक्स लगाए बिना लगातार बजट बढ़ाया गया है। दिल्ली की इकॉनमी और बजट ग्रोथ ने साफ कर दिया है कि यदि सरकार ईमानदार हो तो सरकारी सरकारी खजाने में पैसे बढ़ते हैं। इसलिए जो सरकारें कहती है कि हमारे पास पैसे नहीं हैं, उनके सामने केजरीवाल सरकार उदाहरण है कि एक ईमानदार सरकार के रूप में हमने न केवल अपना राजस्व बढ़ाया बल्कि उससे दिल्ली वालों को अच्छे स्कूल, मोहल्ला क्लिनिक और अच्छे अस्पताल भी दिए हैं।
आतिशी ने कहा कि दिल्ली में जब से अरविन्द केजरीवाल की सरकार बनी है, तबसे लगातार दिल्ली सरकार का बजट बढ़ता गया है। 2014-15 में दिल्ली का कुल बजट 30,000 करोड़ था। मात्र 5 साल में कोई भी नया टैक्स लगाये बिना अरविन्द केजरीवाल की सरकार ने इस बजट को दुगुना कर दिया और 2020 के आते-आते दिल्ली का बजट 60,000 करोड़ हो गया। उसके बाद इस साल दिल्ली का बजट बढ़कर 75,000 करोड़ हो गया है। इससे साफ़ है कि यदि सरकार ईमानदार हो तो किसी भी सरकार में पैसे की कमी नहीं होगी। इसका ट्रेंड दिल्ली के जीएसटी कलेक्शन के रूप में देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली एक ऐसा राज्य है, जहां लगातार जीएसटी कलेक्शन बढ़ा है। जीएसटी के आंकड़ों को देखें तो 2018-19 में जब जीएसटी की शुरुआत हुई थी तब पहली तिमाही का जीएसटी कलेक्शन 4419.71 करोड़ था। 2019-20 में बढ़कर 4668.23 हुआ। 2020-21 में पहले तिमाही में लॉकडाउन के कारण व्यापार बंद था तब ये आंकड़ा नीचे आया और जीएसटी कलेक्शन 2474.78 करोड़ रहा। जैसे ही लॉकडाउन खुला जीएसटी कलेक्शन बढ़ा और 2021-22 में पहली तिमाही में यह 4014.98 करोड़ रहा। पिछले साल(2022-23) की पहली तिमाही में जीएसटी कलेक्शन 6985.05 करोड़ रहा। उन्होंने कहा कि आज ये बताते हुए ख़ुशी हो रही है कि वित्त वर्ष 2023-24 में पहली तिमाही का जीएसटी कलेक्शन 15 फीसदी बढ़कर 8028.91 करोड़ रहा है।


