spot_img

Lucknow : मार्ग दुर्घटनाओं में नौ की मौत, कई घायल

अलग-अलग जिलों में हुई दुर्घटनाएं
लखनऊ: (Lucknow)
उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सोमवार को मार्ग दुर्घटनाओं में नौ लोगों की मौत हुई है। मथुरा और मुजफ्फरनगर सड़क हादसे में तीन-तीन जबकि फिरोजाबाद, मेरठ और बुलंदशहर में एक-एक की मौत हुई है। दुर्घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मथुरा के एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश से करीब 50 से लोग ट्रैक्टर-टॉली में बैठकर मथुरा आए थे। गोवर्धन सप्तकोसीय परिक्रमा करने के बाद सोमवार की सुबह वापस लौट रहे थे। तभी फरह थाना के रैपुराजाट चौकी क्षेत्र अंतर्गत आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर तेज रफ्तार एक कार ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों में से तीन की मौत हो गई है। पुलिस ने एक शव की शिनाख्त राजस्थान निवासी गोवर्धन (74) के रूप में की है। अन्य घायलों काे अस्पताल में भर्ती कराया है।मुजफ्फरनगर जनपद में मंसूरपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित दिल्ली देहरादून हाईवे-58 पर सोमवार को एक बेकाबू ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राॅली में पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में अजय और अनमोल की मौके पर मौत हो गई, जबकि रोहित ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज बेगराजपुर मेडिकल में चल रहा है, जिनमें विशाल ,आकाश, विकास ,मानिक ,राजन ,हैप्पी ,करण और चिराग की हालत नाजुक है।खतौली क्षेत्राधिकारी रविशंकर ने बताया कि ट्रक ने जिस ट्रैक्टर-ट्राॅली में टक्कर मारी है, उसमें दो डीजे और सामान रखा हुआ था। यह सामान मेरठ के लालकुर्ती निवासी अनमोल और मोदीनगर के निवाड़ी निवासी रोहित का है। दोनों डीजे व सामान को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर खतौली के गांव पमनावली निवासी अजय एवं 12 से अधिक मजदूरों को लेकर रुड़की जा रहे थे।

इसी तरह मेरठ जनपद के सरधना थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह मेरठ-करनाल नेशनल हाईवे पर बपासरी के पास ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। इस हादसे में ट्रक चालक शिवपुरम कॉलोनी निवासी विपिन की मौत हो गई। एक अन्य घटना में फिरोजाबाद जिले के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक बोलेरो कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार महोबा जिले में तैनात उपनिरीक्षक जयशंकर पाण्डेय, आरक्षी सुरजीत सिंह, शुभम जायसवाल, महिला सिपाही मंजूलता और चालक संतराम शाहू, अपहृत लड़की और आरोपित नरेन्द्र घायल हो गये।

सिरसागंज सीओ प्रवीण कुमार मुताबिक अस्पताल में इलाज के दौरान अपहृत लड़की की मां मीना देवी की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि आरोपित नरेन्द्र लड़की को भगा ले गया था। मां मीना की तहरीर पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश में थी। एक सूचना के आधार पुलिस की टीम ने दोनों को रविवार की आधी रात को दिल्ली से बरामद किया था। सोमवार को पुलिस टीम उन्हें वापस लेकर लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ है। बुलंदशहर जनपद में सिकंदराबाद खुर्जा रोड पर ट्रक और कार में हुई जबरदस्त टक्कर हुई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।

Explore our articles