नौ जिलों में अभी भी असर, 395 गांवों के 82 हजार से अधिक लोग प्रभावित
गुवाहाटी:(Guwahati) असम में बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक अब राज्य के नौ जिले बाढ़ प्रभावित हैं। यहां के 37 हजार 737 से अधिक नागरिक प्रभावित हैं। सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। कई नदियों के तटबंध टूट गए हैं। सड़कें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। प्रशासन लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने गुरुवार देर शाम बाढ़ प्रभावित जिलों के आंकड़े जारी किए हैं। इन नौ जिलों में बजाली, बरपेटा, दरंग, ग्वालपारा, गोलाघाट, जोरहाट, कामरूप (ग्रामीण), लखीमपुर और शोणितपुर शामिल हैं। बाढ़ से 17 राजस्व सर्किल अंतर्गत 253 गांवों के 37 हजार 737 लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से कुल 1526.08 हेक्टेयर फसल अभी भी प्रभावित है।
बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत शिविर स्थापित किये गए हैं। तीन राहत वितरण केंद्र खोले गए हैं। राहत शिविरों में कुल चार लोग आश्रय लिये हुए हैं। बाढ़ से राज्य के कुल 32 हजार 79 पशु धन प्रभावित हुए हैं। इनमें बड़े पशुओं की कुल संख्या 18 हजार 122 और छोटे पशुओं की 9 हजार 749 है जबकि 4 हजार 208 कुक्कुट भी प्रभावित हुए हैं। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कामरूप (ग्रामीण) जिले में ए मेडिकल टीम को चिकित्सा देखभाल के लिए तैनात किया गया है।
बाढ़ प्रभावितों के बीच खाद्य सामग्रियों का वितरण किया गया। इनमें 6.79 क्विंटल चावल, 1.22 क्विंटल दाल, 0.37 क्विंटल नमक, पशुओं के लिए गेहूं का चोकर 21.20 क्विंटल शामिल हैं। राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में सभी तरह के आवश्यक कदम उठाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।


