spot_img

Meerut : दोस्तों ने की थी दस दिन से लापता मनोज शर्मा की हत्या, एक गिरफ्तार

दो अन्य की तलाश में जुटी पुलिस

मेरठ : रोहटा थाना क्षेत्र के गांव मीरपुर निवासी दस दिन से लापता मनोज शर्मा की हत्या उसके दोस्तों ने ही की थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपित दोस्त को गिरफ्तार कर लिया।

रोहटा थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव निवासी मनोज शर्मा पुत्र राजकुमार शर्मा मेरठ-बागपत रोड पर स्थित पांचली खुर्द में जानकी पेपर मिल में मशीन ऑपरेटर था। 21 जून को मनेाज अपनी ड्यूटी खत्म करके शाम सात बजे फैक्ट्री से घर के लिए चला था, लेकिन देर रात्रि घर नहीं पहुंचा। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और 22 जून को रोहटा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने को तहरीर दी। रोहटा पुलिस ने मामला जानी थाने का बताकर लौटा दिया। परिजनों ने जानी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। बुधवार को भाजपा नेता आकाश शर्मा के साथ ग्रामीणों ने एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से मिलकर मनोज की हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की। तीन दिन में पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी। एसएसपी ने जानी पुलिस को तत्काल मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई तो उस पर अंतिम कॉल करने वालों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने मनोज के एक दोस्त पवन गिरि की लोकेशन निकलवाई तो उसकी लोकेशन हिमाचल प्रदेश में मिली। रात में ही पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से पवन गिरि को पकड़ लिया। पुलिसिया पूछताछ में पवन टूट गया और उनसे बताया कि गांव के ही दो दोस्तों हर्ष गिरि व गोलू जाट के साथ मिलकर मनोज की गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी थी। गुरुवार को पवन की निशानदेही पर पुलिस ने कुटी-रासना संपर्क मार्ग पर एक गन्ने के खेत में चार फुट गहरे गड्ढे से मनोज का शव बरामद कर लिया। शव बुरी तरह से सड़-गल गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दो अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है। ड्यूटी से लौटते समय पवन ने मनोज को कॉल करके रोहटा स्थित भूरे के ढाबे पर बुलाया था। वहां पर सभी ने पहले शराब पी और फिर खाना खाया। वहां पर हुए मामूली विवाद पर मनोज की हत्या कर दी गई। इसके बाद गड्ढा खोदकर शव जमीन में दबा दिया।

Explore our articles