नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नीरज बवानिया गैंग के सदस्य और ताइक्वांडो में सिल्वर मेडलिस्ट रह चुके इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान प्रवीण हुड्डा के रूप में हुई है। यह हत्या के मामले में वांछित चल रहा था और इसकी गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस ने 10 हजार का इनाम भी घोषित कर रखा था। इसके पास से सोफिस्टिकेटेड पिस्टल और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
डीसीपी राजीव रंजन सिंह की देखरेख में एसीपी वेद प्रकाश, इंस्पेक्टर मनिंदर, जयवीर की टीम को इसके बारे में सूचना मिली थी कि नीरज बवानिया गैंग का सक्रिय सदस्य फरार चल रहा है। हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए इस पर इनाम भी रखा है।
वह दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-25 इलाके में छुपा हुआ है। पुलिस टीम ने वहां पर छापा मारकर इसे पकड़ा। इसके पास से हथियार बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता चला की प्रवीण हुड्डा का फाइनेंसियल डिस्प्यूट को लेकर अपने चाचा हरीश हुड्डा के साथ विवाद चल रहा था। चाचा ने रेलवे में जॉब दिलाने के लिए मोटी रकम उससे ली थी। लेकिन बाद में जॉब दिला नहीं पाया और ना ही उसका पैसा वापस कर पाए।
इसको लेकर बात बढ़ गई थी और इतनी बढ़ गई कि 2019 में चाचा को रोहतक इलाके से अगवा करके उसकी दिल्ली के कंझावला इलाके में हत्या कर दी थी। किडनैपिंग का केस रोहतक में दर्ज हुआ था। पूछताछ में यह भी पता चला कि अमन विहार इलाके में भी फायरिंग के मामले में यह शामिल था। इससे आगे की पूछताछ में और पता चल पाएगा कि इसने क्या और भी कोई वारदात को फरारी के दौरान अंजाम दिया है या नहीं।


