Bhopal : प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का मान-सम्मान बढ़ा: नड्डा

0
183

मध्य प्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत

भोपाल : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज अमेरिका और भारत के रिश्ते आसमान छू रहे हैं। मिस्र ने अपना सर्वोच्च सम्मान देकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सम्मानित किया है। आज हमारी विचारधारा को मजबूत करने, भारत को शक्तिशाली बनाने, देश को विकसित भारत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की अहम भूमिका है। आज मोदी के नेतृत्व में भारत की गरीबी पिछले नौ साल में 22 प्रतिशत से कम होकर 10 प्रतिशत रह गई है। भारत की अति गरीबी एक प्रतिशत से भी कम हो गई है। मॉडर्न स्ट्रेट की रिपोर्ट बताती है कि आज सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था भारत की है। अमेरिका की विकास दर 7.9 पर है। जबकि भारत 8.10 प्रतिशत से आगे बढ़ गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का मान और सम्मान बढ़ा है। आज दुनिया को भारत से सबसे अधिक उम्मीद है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार शाम अपने भोपाल आगमन पर यहां राजा भोज विमानतल (स्टेट हैंगर) पर पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।

मोदी सरकार के विकास कार्यों को सरकार और कार्यकर्ताओं ने धरातल पर उतारा

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कल मेरा बूथ, सबसे मजबूत के तहत करोड़ों कार्यकर्ताओं का डिजिटली मार्गदर्शन करेंगे। देश के 10 लाख बूथ पर टेलीविजन, लैपटॉप, फेसबुक के माध्यम से बूथ कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी के संवाद से जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री भोपाल में तीन हजार बूथ के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे, प्रश्न भी पूछेंगे और जवाब भी देंगे। यह कार्यक्रम संगठन का अलग और बड़ा आयोजन है, जिसमें हर कार्यकर्ता संकल्प लेकर पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि हम बहुत सौभाग्यशाली हैं कि देश में प्रधानमंत्री मोदी जैसा नेता है। प्रदेश में हमारी सरकार है, शिवराज सिंह जैसे मुख्यमंत्री दिन-रात काम कर रहे हैं। आज यह संकल्प लें कि सरकार की योजनाएं और संगठन के विचारों को घर-घर पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर प्रदेश में चलाए गए महाभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार व पार्टी कार्यकर्ताओं ने विकास को जमीन पर उतारने का काम किया है।

संघर्ष का शंखनाद, युद्ध के नगाड़े बज गए हैं: शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत करते हुए कहा कि कुशल नेतृत्व में पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जयप्रकाश नड्डा के नेतृत्व में आज संघर्ष का शंख फुंक गया है, युद्ध के नगाड़े बज गए हैं। हम सभी कार्यकर्ता संकल्प लेते हैं कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की रिकॉर्ड तोड़ बहुमत से सरकार बनाएंगे और 2024 में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश से सभी 29 लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रदेश की धरती पर स्वागत: विष्णुदत्त शर्मा

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा भोपाल पधारे हैं। मध्य प्रदेश संगठन की दृष्टि से मजबूत प्रदेश है। यह सब पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण भाव से संभव हुआ है। हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं ने बूथ डिजिटलाइजेशन करके देश में नंबर वन प्रदेश बना है। हम सभी का सौभाग्य है कि आज नड्डा और कल प्रधानमंत्री मोदी हम सबका मार्गदर्शन करेंगे।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, सत्यनारायण जटिया, मध्य प्रदेश शासन के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मंत्रीगण विश्वास सारंग, मोहन यादव, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, महापौर मालती राय, सीमा सिंह, प्रदेश मंत्री लता वानखेडे, विधायक कृष्णा गौर, मोर्चा अध्यक्ष माया नारोलिया, दर्शन सिंह चौधरी, वैभव पंवार, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, पूर्व विधायक सुरेन्द्रनाथ सिंह, ध्रुवनारायण सिंह, प्रदेश प्रवक्ता नेहा बग्गा, नरेन्द्र सलूजा सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।