मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री तोमर एवं सिंधिया ने खींचा रथ, हजारों भक्त हुए शामिल
ग्वालियर : कृष्णाभावनामृत के तत्वावधान में शनिवार शाम पुरी की तरह शहर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा जीवायएमसी मैदान से श्रद्धा और भक्ति-भाव के साथ निकाली गई। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल हुए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ का रथ खींचकर यात्रा को आगे बढ़ाया।
रथ यात्रा निकलने से पहले मुख्यमंत्री चौहान, केन्द्रीयद्वय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, ग्वालियर सांसद विवेक शेजवलकर, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भगवान जगन्नाथ, बलराम जी और बहन शुभद्रा जी की पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री और केन्द्रीयद्वय मंत्री ने रथ के आगे झाड़ू लगाकर आम नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने रथ को अपने हाथों से खींचकर रथ यात्रा प्रारंभ कराई।
इस मौके पर मुख्यमंत्री चौहान ने भी हरी बोल-हरी बोल का उच्चारण रथ से किया। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ जी का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और हमारा प्रदेश व देश निरंतर प्रगति करता रहे। संपूर्ण रथ यात्रा में आयोजन संयोजक देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर शामिल रहे।
भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शुरू होने से पहले दोपहर के समय शहर की सड़कों को मशीनों से जल छिड़कर साफ किया गया। इसके बाद जीवायएमसी क्लब में भक्तों द्वारा दोपहर एक बजे से कीर्तन शुरू किया गया। इसके बाद महामन प्रभु के प्रवचन हुए। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलराम, बहन सुभद्रा जी की प्रतिमा को पूजा अर्चना करके रथ में विराजमान कराया गया। अतिथियों द्वारा पूजा-अर्चना के बाद रथ यात्रा शुरू हुई जो इंदरगंज चौराहा होते हुए दाल बाजार, लोहिया बाजार, पाटनकर बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, डीडवाना ओली, नई सड़क होती हुई छत्री मैदान देववन गार्डन पर संपन्न हुई।
इस दौरान यहां पर 15 से 20 हजार भक्तों के लिए भण्डारे का भी आयोजन किया गया। रथ यात्रा में भक्तों ने ‘सुर स्वागतम जगन्नाथम और ‘जय जगन्नाथ स्वामी जय जगन्नाथ शब्दों का उद्घोष किया। हजारों भक्तों ने अपने हाथों से भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचा तो कई लोगों ने रथ को धक्का देकर भी आगे बढ़ाया। समूचा शहर भगवान जगन्नाथ की भक्ति में रंगा हुआ दिखाई दिया तो युवाओं में भी अच्छा-खासा जोश देखने को मिला। रथ यात्रा के दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष अभय चौधरी, बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल आदि उपस्थित रहे। इसके साथ ही पर्याप्त पुलिस बल भी मौजूद रहा।


