रांची : रांची नगर निगम प्रशासक शशि रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में जलापूर्ति योजना से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गयी। इस दौरान प्रशासक ने मेसर्स श्री पब्लिकेशन एंड स्टेशनर्स को निर्देश दिया कि प्रत्येक घर से वाटर यूजर बिल की राशि का संग्रहण शत-प्रतिशत करना तय करें।
बैठक में उपस्थित जुडको प्रतिनिधि ने बताया कि रांची शहरी जलापूर्ति योजना अंतर्गत निगम क्षेत्र में 21,000 वाटर कनेक्शन दिया जाना है। इसके आलोक में अब तक 48865 निःशुल्क कनेक्शन दिया जा चुका है। इसके अलावा 28 हजार उपभोक्ताओं की ऑनलाईन इंट्री के लिए श्री पब्लिकेशन को उपलब्ध करा दिया गया है। प्रशासक ने निर्देश दिया कि शेष 20 हजार अभिलेख भी जल्दी ही श्री पब्लिकेशन को ऑनलाईन इंट्री के लिए उपलब्ध कराएं।
जलापूर्ति शाखा द्वारा संचालित धावा दल को यह निर्देश दिया गया कि व्यवसायिक अवैध जल संयोजन को चिन्हित करें। वाटर कनेक्शन काटें, फाइन करें। पाइप बिछाए जाने के बाद सड़कों का रिस्टोरेशन कार्य ठीक से नहीं किए जाने पर शशि रंजन ने नाराजगी जतायी और इसे बारिश से पहले ठीक करने को भी कहा।
बैठक में अपर प्रशासक, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता कनीय अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता, जुडको के प्रतिनिधि, महाप्रबंधक जुडको, महाप्रबंधक भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, वन प्रमंडल पदाधिकारी, विद्युत अभियंता, पथ प्रमंडल अभियंता एवं गेल के प्रतिनिधि शामिल थे।


