कोलकाता:( Kolkata) पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्सों में गुरुवार दिन भर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से गुरुवार को जारी बयान में बताया गया है कि राजधानी कोलकाता में बुधवार को तो लगातार बारिश हुई है। साथ ही गुरुवार को भी बारिश होगी। पिछले 24 घंटे के दौरान 0.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है जिसकी वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। गुरुवार को भी अपराह्न के समय से बारिश शुरू होगी। इसी वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस है जबकि अधिकतम तापमान महज 35.1 डिग्री सेल्सियस है जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है।
हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा समेत दक्षिण बंगाल के अन्य इलाकों में भी दोपहर 2:00 बजे के बाद बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिंगपोंग में भी बारिश हो रही है जिसकी वजह से गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने बताया कि सप्ताहांत तक इसी तरह से हर रोज रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।


