बढ़ेगा सूरजमुखी का एमएसपी, रिहा होंगे किसान
चंडीगढ़ : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में चल रहा किसान आंदोलन मंगलवार की रात समाप्त हो गया। किसान नेताओं और प्रशासन के बीच कई घंटों तक चली वार्ता के बाद सहमति बनी। मंगलवार को दिन के समय किसान नेताओं और प्रशासन के बीच तीन बार बैठक हुई लेकिन बेनतीजा रही। किसान नेताओं द्वारा बुधवार से संघर्ष तेज करने के ऐलान के बाद प्रशासन ने देर रात किसान नेताओं को वार्ता के लिए बुलाया। कई घंटे की वार्ता के बाद किसान नेताओं और प्रशासन के बीच सहमति बनी।
जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा व एसपी धरना स्थल पर किसानों को समझाने पहुंचे। किसान नेताओं के अनुसार सूरजमुखी का एमएसपी अब 5000 प्रति क्विंटल मिलेगा। इसके अलावा 1400 प्रति क्विंटल भावांतर भरपाई योजना के तहत किसानों के खाते में भेजे जाएंगे।
बैठक में सहमति बनी है कि किसानों पर सभी मुकदमे खारिज होंगे। कल शाम तक गुरनाम सिंह चढूनी एवं अन्य किसान नेताओं को रिहा किया जाएगा। किसान नेता राकेश टिकैत ने धरना समाप्त करने का ऐलान करते हुए कहा कि आज रात ही सड़कों को खाली कर दिया जाएगा। प्रशासन ने सरकार के आधार पर कई तरह आश्वासन दिए हैं। इनके पूरा होने का इंतजार किया जाएगा। अगर सरकार ने घोषणाएं पूरी नहीं की तो दोबारा संघर्ष की रणनीति बनाई जाएगी।


