हमीरपुर : जरिया थाना क्षेत्र के करौंदी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर मायके वालों ने हंगामा कर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। परिजनों ने कहा कि अतिरिक्त दहेज न देने पर ससुराली जनों ने बेटी की हत्या की है। सोमवार को पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जरिया थाना क्षेत्र के करौंदी गांव निवासी सन्ध्या(25)पत्नी विनोद कुमार ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान देने का प्रयास किया। जिसके उपरांत घर पर मौजूद परिजनों ने उसे आनन-फानन में इलाज के लिए राठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार कर उसकी नाजुक हालत को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
जहां झांसी मेडिकल कॉलेज में सोमवार को इलाज के दौरान संध्या की मौत हो गई। वही पड़ोसी जनपद महोबा कोतवाली चरखारी के ग्राम गोरखा निवासी मृतक महिला के मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि उन्होंने संध्या का विवाह वर्ष 2018 में थाना जरिया क्षेत्र के करौंदी गांव निवासी विनोद कुमार पुत्र कृपाल सिंह के साथ किया था। बताया कि विवाह में उन्होंने अपने सामर्थ्य के अनुसार, दान दहेज देकर पुत्री संध्या को विदा किया था। विवाह के कुछ समय उपरांत संध्या का पति विनोद कुमार के अलावा उसकी सास व ननद कम दहेज मिलने का ताना देकर उसे आये दिन प्रताड़ित कर उसके साथ मारपीट करने लगे।
आरोप लगाया कि अतिरिक्त दहेज की मांग के चलते संध्या के पति विनोद कुमार के अलावा उसकी सास एवं ननद ने संध्या के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या की है। बताया कि संध्या के शरीर में चोटों के निशान भी मौजूद हैं।
इस मामले में जरिया थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने सोमवार को बताया कि मृतका के शव का पंचनामा भरकर डॉक्टरों के पैनल एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


