spot_img

Devbhoomi Dwarka / Ahmedabad : चक्रवाती तूफान ‘बिपरजॉय’ के संकट को लेकर जीरो कैजुअल्टी के दृष्टिकोण से करें कार्यः हर्ष संघवी

देवभूमि द्वारका जिले में संभावित चक्रवात से पूर्व जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे सतर्कता कार्यों की समीक्षा की

देवभूमि द्वारका/अहमदाबाद : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से संभावित चक्रवाती तूफान ‘बिपरजॉय’ के संबंध में पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। ऐसे में गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने सोमवार को खंभालिया के कलक्टर कार्यालय में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चक्रवात पूर्व सुरक्षा एवं राहत-बचाव कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की।

गृह राज्य मंत्री ने सभी अधिकारियों से चक्रवात के संदर्भ में पूर्व तैयारियों को लेकर जानकारी हासिल की और जीरो कैजुअल्टी के दृष्टिकोण के साथ कार्य करने का आदेश दिया। विशेषकर बिजली, जल वितरण सुविधा और संचार नेटवर्क जैसी प्राथमिक जरुरतों को जल्द से जल्द बहाल करने के संबंध में विशेष एहतियात बरतने को कहा।

उन्होंने तटीय क्षेत्रों में नागरिकों की स्थानांतरण प्रक्रिया को तुरंत करने और शेल्टर होम में सभी जीवन आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी सतर्कता बरतने को कहा। इसके अलावा, उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए सभी व्यवस्थाएं करने को कहा।

उन्होंने मौसम विभाग द्वारा तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की भविष्यवाणी के मद्देनजर पुलिस विभाग को लगातार गश्त कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी व्यक्ति समुद्र तट की ओर न जाए। इसके अतिरिक्त, माइक वाले वाहनों की मदद से तटीय क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार कर नागरिकों को इस संबंध में जागरूक करने को भी कहा। नागरिकों को किसी तरह की अफवाह पर भरोसा किए बिना प्रशासन द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करने तथा संभावित चक्रवात के पूर्वानुमान के चलते जिले एवं अन्य स्थानों से नागरिकों को 16 जून तक करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र देवभूमि द्वारका की यात्रा करने से बचने की अपील की गई है।

इस बैठक में जिला कलक्टर अशोक शर्मा, जिला विकास अधिकारी एसडी धानाणी, पुलिस अधीक्षक नितेश पांडेय, निवासी अतिरिक्त कलक्टर भूपेश जोटाणिया, जिला भाजपा अध्यक्ष मयुर गढवी, अग्रणी रसिकभाई नकुम, प्रतापभाई पिंडारिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Explore our articles